कटनी. शहर के उपनगरीय क्षेत्र निमिया मोहल्ला में मनमानी का मामला सामने आया है। एक व्यक्ति द्वारा यहां पर रहने वाले दर्जनों परिवारों के सामने गंभीर समस्या खड़ी की जा रही है। वर्षों पुराने रास्ते को बंद किया जा रहा है। मार्ग बंद किए जाने से परेशान होकर दर्जनों की संख्या में बस्ती के रहवासी बिफर पड़े और बुधवार शाम तहसील कार्यालय पहुंचे। तहसीलदार व एसडीएम से मामले की जांच कराते हुए हुए न्याय की गुहार लगाई।
तहसीलदार को की गई शिकायत में पूजा शर्मा, संतोष बर्मन, बाबूलाल, अर्चना, चांदनी, पीयूष शर्मा, आदित्य शर्मा, विजय सोनी आदि ने बताया कि वे सभी मौजा ग्राम खिरहनी निमिया मोहल्ला के रहवासी हैं। यहां पर दर्जनों परिवार के लोग 20 साल से रह रहे हैं। यहां पर लोग आने-जाने के लिए कच्चे रास्ते का उपयोग करते हैं। लोगों की रजिस्ट्री में भी 20 फीट का कच्चा रास्ता दर्ज है। लोगों ने कहा कि लल्ला निषाद निवासी तिलक कॉलेज रोड के नाम पर खसरा नंबर 1299/25 रकवा 0.0540 हेक्टेयर है। लल्ला के द्वारा मनमानी करते हुए रास्ते को बंद करने की फिराक में है। यहां पर एक कुआं में बना है, जो शासकीय व खसरे में दर्ज है।