कटनी. सुबह-सुबह सतना के अमदरा और जबलपुर के निवार की ओर से ट्रेनों के माध्यम शहर आने वाले दूध की जांच करने खाद्य आपूर्ति विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने मुख्य स्टेशन में दोनों ओर से दबिश दी। टीम के दबिश देते ही दूध विक्रेताओं में हड़कंप मच गई और कार्रवाई से बचने एक विक्रेता अपना डिब्बा छोड़कर ही भाग गया। टीम ने सुबह सतना की ओर से आने वाले इंटरसिटी एक्सप्रेस से अमदरा व उससे लगे गांव से आने वाले विक्रेताओं के दूध की जांच की। जिसमें एक टीम ने स्टेशन के बाहर तो दूसरी टीम ने प्लेटफार्म क्रमांक 5 की ओर जांच शुरू की। वहीं जबलपुर की ओर से आने वाली शटल गाड़ी से निवार से आने वाले विक्रेताओं को भी टीम ने पकड़ा और उनके दूध की जांच की। कार्रवाई के दौरान जहां दोनों टीमों ने 13 विक्रेताओं के दूध के नमूने लिए तो एक विक्रेता कार्रवाई के डर से डिब्बे छोड़कर ही भाग गया, जिसे टीम ने जब्त किया। नमूने लेने के साथ ही उन्हें जांच के लिए लेबोरेटरी भेजा जाएगा।
यहां 60 ने ही लिए कनेक्शन, पंडालों में दस दिन में जली 55 लाख यूनिट से अधिक बिजली….
लाइसेंस के लिए दी समझाइश
संयुक्त टीम ने सेंंपल लेने के साथ ही दूध विक्रेताओं से खाद्य सामग्री बेचने को लेकर लाइसेंस भी मांगे। जिसमें सामने आया कि अधिकांश के पास लाइसेंस नहीं है। जिसपर टीम ने एक सप्ताह के अंदर ऑनलाइन आवेदन कर लाइसेंस अनिवार्य रूप से बनवा लेने की समझाइश दी। कार्रवाई के दौरान सहायक आपूर्ति अधिकारी खाद्य विभाग केएस भदौरिया, जितेन्द्र बर्मन, प्रमोद मिश्रा, संतोष नंदनवार, देवेन्द्र दुबे, अशोक कुर्मी, संजय गुप्ता शामिल थे।