
Illegal mining of sand in district of Katni
कटनी. 16 जून से एनजीटी ने नदियों से रेत के खनन पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है, ताकि नदियों का स्वरूप प्रभावित न हो, जलीव जीव-जंतुओं की सुरक्षा हो सके और हादसों पर लगाम लग सके, लेकिन जिले में यह प्रतिबंध पूरी तरह से बेहसर है। खनन माफिया सभी नियम कायदों को ताक पर रखकर खुलेआम नदियों का सीना बारिशकाल में छलनी कर रहे हैं। खनिज विभाग व जिल प्रशासन अवैध खनन को रोकने नाकाम साबित हो रहा है। इसका खुलासा रविवार को बरही में हुई कार्रवाई से हुआ। तहसील क्षेत्र में रेत का अवैध कारोबार चरम पर है। रविवार सुबह एसपी के निर्देश पर थाना प्रभारी एनके पांडेय ने रेत परिवहन करते तीन ट्रैक्टर, एक ट्रक अमरपुर मार्ग से रेत भरा जप्त किया है। वाहनों में कार्यवाई कर थाना प्रांगण में खड़ा कराया है। इसमें एक बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्राली आरोपी मनीष उर्फ गोलू पांडे निवासी सुखदार थाना इंदवार, ट्रक क्रमांक एमपी 19 एचए 2107 आरोपी विमल प्रजापति निवासी उबरा थाना बरही सहित दो अन्य पर कार्रवाई की है। इसके अलावा साईं मंदिर के पास हंतला में नारायण पटेल द्वारा 20 ट्राली से अधिक रेत का अवैध भंडारण किया गया था। बरही तहसीलदार एसएन त्रिपाठी व बरही पुलिस ने जब्त की है।
खास-खास:
- तहसील क्षेत्र से तीन दर्जन से अधिक ट्रक हाइवा कटनी सतना, मैहर, रीवा, सागर, दमोह, छतरपुर सहित अन्य जगह बिना पिट-पास के लेकर जाते हैं रेत।
- बिना नबर के ट्रैक्टर रेत उत्खनन परिवहन में लगे हैं, इन्हें रोकने कोई नहीं दे रहा ध्यान।
- हैवी वाहनों की धमाचौकड़ी से हर समय बना रहता है क्षेत्र में हादसे का भय, कई बार हो चुके हैं हादसे।
- गैरतलाई में रविवार शाम 5 बजे रेत भरा ट्रैक्टर की ठोकर लगने से बच्चे को गंभीर चोट आई है ग्रामीणों के मदद से बरही अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बरही क्षेत्र में यहां जारी अवैध खनन
बरही क्षेत्र के सांई मंदिर, खजुरा नाला, तैयब नगर, उबरा, कनौर, इटौरा, कुठिया महगवां, सलैया सिहोरा, गैरतलाई, केवलारी, ताली, मोहनी, नदावन, छिंदहाई पिपरिया, परसवारा, सहित दर्जभर गांव के नदी नालों में रेत का उत्खनन चल रहा है। भारी मात्रा में रेत को दोहन करके हैवी वाहनों में लोड कर सतना, मैहर, रीवा, परिवहन किया जाता है। रेत के अवैध उत्खनन परिवहन को बंद कराने ग्रामीणों ने कईबार प्रशासन को अवगत कराया लेकिन, इस अवैध कारोबार को रोकने अधिकारी नाकाम हैं।
विगढ़ क्षेत्र में भी जारी है अवैध खनन
विजयराघवगढ़ क्षेत्र के ग्राम खिरवा, बरुआ और घुन्नौर में रेत का अवैध खनन व परिवहन अब भी जारी है। खनन माफिया प्रतिबंध के बाद भी नदी घाटों से मनमाने तरीके से रेत निकालकर बेच रहे हैं। पूर्व में प्रशासन द्वारा एक कार्रवाई की गई, लेकिन महज दिखावा साबित हुई। उसके बाद से लगातार खनन जारी है और करोड़ों के राजस्व का चूना लगाया जा रहा है।
ढीमरखेड़ा में जारी है अवैध खनन
ढीमरखेड़ा क्षेत्र में भी रेत का अवैध कारोबार जारी है। यहां पर भी खनन माफिया पुलिस-प्रशासन व खनिज विभाग को चुनौती देते हुए रेत का अवैध खनन व परिवहन कर रहे हैं। क्षेत्र के बम्हौरी घाट, दशरमन महादेवी के पास सहित अन्य स्थानों से रेत निकाली जा रही है। शनिवार को पुलिस ने रेत का डंफर भी जब्त किया था, जिसमें रेत का अवैध परिवहन हो रहा था।
बड़वारा में भी नदी हो रही छलनी
बड़वारा क्षेत्र में रेत का अवैध कारोबार चरम पर है। खनन माफिया महानदी के सीना को एकदम छलनी कर रहे हैं। क्षेत्र के ग्राम खरहटा, विलायतखुर्द, संकरीघाट, पथवारी, गुणा, भदौरा में नदी से रेत निकाली जा रही है। बारिशकाल होने के बाद भी रेत का अवैध कारोबार चल रहा है। रेत के अवैध खनन को रोकने टीमें भी गठित हुईं, विशेष निर्देश भी जारी हुए, लेकिन रस्म अदायगी के बाद सबकुछ बंद हो गया है।
इनका कहना है
रेत के अवैध खनन की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। इस पर कार्रवाई जारी है। बारिशकाल में नदियों ने रेत न निकाली जाए और नियमों का पालन हो। रेत के अवैध खनन और परिवहन पर ठोस कार्रवाई की जाएगी।
शशिभूषण सिंह, कलेक्टर।
Published on:
29 Jul 2019 11:56 am
बड़ी खबरें
View Allकटनी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
