कटनी. महापौर ने सोमवार दोपहर नगर निगम स्थित महापौर कक्ष में भाजपा के पार्षद दल व पदाधिकारियों के साथ मिलकर शुद्धि यज्ञ का आयोजन किया। हवन पूजन और यज्ञ में मां दुर्गा की आरती उतारी और प्रसाद का वितरण भी किया गया। इस धार्मिक आयोजन को लेकर महापौर ने मीडिया से कहा कि 27 जुलाई को शहर की प्रमुख समस्याओं के नाम पर कांग्रेसियों ने नगर निगम के गेट को तोड़कर परिसर तक पहुंचे और मेरी गैरमौजूदगी में महापौर कक्ष के अंदर घुसे थे। नारेबाजी की थी। मेरे नहीं मिलने पर नेम प्लेट में काली स्याही फेंक कर चले गए थे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का यह कृत्य पूर्ण रूप से अनैतिक था। महापौर ने कहा कक्ष को मैं पूजा का स्थान मानता हूं मेरे यही संस्कार हैं और इसी कारण शुद्धि यज्ञ करवाया हूं। इधर महापौर के इस यज्ञ पर तंज कसते हुए कांग्रेस पार्टी के शहर अध्यक्ष व पार्षद मिथिलेश जैन ने कहा कि महापौर शशांक श्रीवास्तव पार्षदों व भाजपाईयों के साथ कक्ष में कांग्रेसियों के बैठने को लेकर शुद्धि यज्ञ नहीं किए हैं बल्कि साढ़े चार साल तक नगर निगम में जो पाप किए हैं, जनता के साथ छलावा व भ्रष्टाचार किया है, उसकी शुद्धि की है। महापौर कक्ष में शुद्धि यज्ञ के दौरान नगर निगम अध्यक्ष संतोष शुक्ला, भाजपा नगर अध्यक्ष रामरतन पायल, पार्षद मनीष पाठक, अभिषेक ताम्रकार, मृदुल द्विवेदी, श्याम निषाद, पार्वती निषाद, रजनी केवट, ऋचा गेलानी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
महापौर ने बताया दुर्भाग्यपूण
मेरी नेम प्लेट पर काली स्याही की फेंकने की घटना बड़ी निंदनीय व दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे मैं बहुत दुखी व दृवित हूं। मुझे विश्वास नहीं हो रहा जिसके साथ बैठकर भोजन करता हूं, साथ में रहता हूं, उठता-बैठता हूं उसने ऐसा कैसे कर दिया। ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि हे भगवान कांग्रेसी मित्रों को सद्बुद्धि दें। यह बात सोमवार को महापौर शशांक श्रीवास्तव ने मीडिया से कही। भाजपा के पार्षद दल के साथ मिलकर व भाजपा पदाधिकारियों के साथ महापौर कक्ष में महापौर ने सद्बुद्धि यज्ञ किया। हवन-यज्ञ मां दुर्गा की आरती उतारी और प्रसाद का वितरण किया। यह इसलिए किया क्योंकि 27 जुलाई को शहर की प्रमुख समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने उग्र प्रदर्शन किया था। कांग्रेसी गेट को तोड़कर महापौर कक्ष के अंदर घुसे थे। यहां पर नारेबाजी की थी और महापौर के ना मिलने पर उनकी नेम प्लेट पर काली स्याही फेंक कर चले गए थे। उस दौरान महापौर आगरा में आयोजित महापौर सम्मेलन में शामिल होने के लिए गए थे। काली स्याही फेंके जाने और कक्ष में नारेबाजी होने पर महापौर कक्ष को अशुद्ध मान लिए थे और सोमवार को उसे शुद्ध किया।
दलगत राजनीति से उठकर करें काम
इस दौरान महापौर ने कहा कि कांग्रेसी पार्षदों व नेताओं की घटना बहुत निंदनीय है, बगैर माहपौर के उपस्थिति में महापौर के कक्ष को खोलकर कांग्रेसियों ने गुंडगर्दी की है, कानून को हाथ में लिया है, रिकॉर्ड को खुर्दबुर्द किया है। यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, चुना हुआ महापौर व जनता का जनप्रतिनिधि हूं, बैठकर बात की जा सकती है। यदि मैंने भ्रष्टाचार कि है तो किसी भी एजेंसी से जांच करा सकते हैं। कांग्रेस पार्षद वाले वार्डों में सबसे ज्यादा विकास हुआ है। 45 वार्डों में विकास को सर्वाेपरि रखा गया है। फोरजरी तरीके से फाइल में स्वीकृत लिखकर कांग्रेस पार्षद का कृत्य निंदनीय है। नगर के विकास में मिलजुलकर आगे बढ़ें, दलगत राजनीति से उठकर काम करें। स्वच्छता शुल्क, जलकर पर भी बात हो सकती है। हर समस्या को निपटाने प्रयास हो रहा है।
खास-खास
– महापौर ने कहा 1758 को पीएम आवास दिया है, 6 हजार आवदेन स्वीकृति की प्रक्रिया में हैं।
– कांग्रेस की सरकार ने सिर्फ एससीएसटी के लिए आवास कर दिए है, अन्य वर्गों को छोड़ दिया है।
– कांग्रेसियों में सत्ता के दुरुपयोग की आदत है, आयुक्त और पुलिस-प्रशासन अधिकारियों से कठोर कार्रवाई की मांग की है।
– लोकतांत्रिक तरीके से हर समस्या का हल निकाला जा सकता है, ऐसा घ्रणित कृत्य अक्षम्य है।