
MP Weather Alert (Photo Source - Patrika)
MP Weather Alert: जिले में एक बार फिर मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। बीते दिनों बारिश और फिर तेज धूप -गर्मी से लोग परेशान होने के बाद लोगों को शुक्रवार सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और दोपहर में रिमझिम बारिश शुरू हो गई। जिले के कई क्षेत्रों में रुक-रुक कर बूंदाबांदी का दौर जारी है, जिससे मौसम सुहावना तो हुआ, लेकिन उमस बढ़ने से लोगों को असहजता भी महसूस हो रही है।
कृषि मौसम वैज्ञानिक डॉ. संदीप कुमार चंद्रवंशी के अनुसार, तापमान में अचानक बढ़ोतरी के कारण पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसके चलते पूर्वी मध्यप्रदेश के ऊपर नया मौसमीय सिस्टम बन गया है, जिसका असर कटनी जिले में भी देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग के मुताबिक इस समय अधिकतम तापमान सामान्यतः 35 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस होना चाहिए था, लेकिन हाल ही में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया था। इसी असामान्य बढ़ोतरी के कारण मौसम प्रणाली प्रभावित हुई और बारिश की स्थिति बनी।
हालांकि, बारिश और बूंदाबांदी के चलते अब तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन इसके बाद वातावरण में नमी बढ़ने से उमस का माहौल बन गया है, जिससे लोगों को बेचैनी महसूस हो रही है। मौसम विभाग ने आगामी 3 से 4 दिनों तक जिले में बारिश की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हो सकती है, जिससे तापमान में और गिरावट आने के आसार हैं।
जानकारी के लिए बता दें कि मौसम विभाग ने 42 जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, देवास, गुना, अशोकनगर, विदिशा, सीहोर, हरदा, बैतूल, नर्मदापुरम, रायसेन, सागर, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और सिवनी में ऑरेंज अलर्ट है। वहीं, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, मैहर, कटनी, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी, अनूपपुर, मंडला और बालाघाट में तेज आंधी चलने और बारिश होने की चेतावनी दी गई है।
यदि जिले में तीन-चार दिनों तक बारिश होती है तो किसानों को भारी नुकसान होगा। बता दें कि इन दिनों गेहूं की फसल पककर तैयार हो गई है। कई जगह कटाई का दौर शुरू हो गया है। बारिश- तूफान के कारण किसानों का काम प्रभावित हो रहा है। किसान तेवरी निवासी पुरुषोत्तम सिंह, लखाखेरा निवासी सुरेंद्र राय आदि ने बताया कि इन दिनों तेजी से कटाई का दौर चल रहा है। बारिश हो जाने के कारण गेहूं की हरवेस्टिंग नहीं हो पा रही है। वहीं आंधी के कारण फसल जमीन पर गिर रही है। बारिश हुई तो गेहूं का दाना खराब हो जाएगा और किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
Published on:
03 Apr 2026 02:17 pm
बड़ी खबरें
View Allकटनी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
