
patrika jansavad katni
कटनी. सटीक, निष्पक्ष और निर्भीक खबरों के साथ सामाजिक चेतना, जन-जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और जल स्रोतों की सुरक्षा व संरक्षण जैसे सरोकारों को लेकर सक्रिय रहने वाला आपका पत्रिका अब जनसंवाद के माध्यम से आम जनता की समस्याओं के समाधान की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को वंशरूप वार्ड में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि आमजन से रूबरू हुए। इस विशेष कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, नगर निगम आयुक्त नीलेश दुबे, पार्षद शशिकांत तिवारी, अवकाश जायसवाल और वार्ड पार्षद सुमित्रा रावत सहित ननि अधिकारी की मौजूदगी में जनसंवाद किया गया।
लोगों ने बिजली, पानी, सडक़, सफाई, राशन कार्ड में नाम न जुडऩे, समग्र आईडी में त्रुटियों जैसी समस्याएं प्रमुखता से रखीं। जन संवाद में जमील अहमद ने कहा कि इमामबाड़ा में पानी भर रहा है, अली ने कहा कि ट्रांसफार्मर गली में ठीक से सफाई नहीं हो रही। नगीना ने कहा कि क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट की कमी है। इस दौरान दर्जनों की संख्या में लोगों ने कहा कि वार्ड में पार्षद सुमित्रा रावत सक्रिय रहती हैं। गंभीर समस्याएं नहीं हैं। छुटपुट हैं तो उनका भी समाधान करा दिया जाए। पार्षद सुमित्रा रावत ने कहा कि पत्रिका की इस पहल से यह संभव हुआ कि निगम अध्यक्ष व आयुक्त वार्ड में पहुंचे और समस्याएं जानीं और उनको हल कराने का आश्वासन दिया गया।
इस दौरान ममता कोल ने नगर निगम अध्यक्ष व आयुक्त से कहा कि उसकी माली हालत ठीक नहीं है। 25 अप्रेल को बेटी की शादी है, इसलिए मदद दिलाई जाए। सुशील पटेल ने खेर माता के मंदिर में बाउंड्रीवॉल व छत बनाए जाने की मांग रखी। काजी मो. मुस्तकीन ने नालियों के चोंक रहने की समस्या बताई। मुन्नालाल ने कहा कि 5 साल पहले बहु आई है, लेकिन अबतक राशन कार्ड में नाम नहीं जुड़ा। विक्रम खटीक ने कहा कि हमारी गली में फोर्स के साथ पानी नहीं आ रहा। अकरम ने कहा कि जिम गली में नाली की समस्या है।
जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने आयुक्त से मौके पर चर्चा सभी बिंदुओं पर संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर त्वरित समाधान की रणनीति बनाई। जनता को आश्वस्त किया गया कि समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाएगा। निगम अध्यक्ष ने कहा कि पत्रिका द्वारा आयोजित यह जनसंवाद कार्यक्रम न केवल वार्डवासियों को समस्याएं रखने का मंच दे रहा है, बल्कि प्रशासन और जनता के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य कर रहा है। यह पहल नि:संदेह शहर में सकारात्मक परिवर्तन लाने में सहायक होगी। पत्रिका का यह जनसंवाद कार्यक्रम समाज के सजग प्रहरी के रूप में उसकी भूमिका को और अधिक मजबूत बनाता है। जनता की समस्याओं का समाधान कर यह पहल न केवल राहत देगा बल्कि जनसरोकारों के प्रति गंभीरता का उदाहरण भी प्रस्तुत कर रहा है।
पत्रिका जन संवाद कार्यक्रम में प्रमुख रूप से नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, आयुक्त नीलेश दुबे, पार्षद सुमित्रा रावत, पार्षद शशिकांत तिवारी, पार्षद अवकाश जायसवाल, समाजसेवी राजू शर्मा, उपयंत्री संजय मिश्रा, मुकेश तिवारी, काजी मो. वसीम, मो अकबर, मो जावेद, केशव कोल, हसन काजी, मंजू सिंह, मनीषा पटेल, आफताब नियाजी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
पत्रिका जन संवाद कार्यक्रम के दौरान महिलाओं व स्थानीय लोगों ने निगम अध्यक्ष को समस्याएं बताईं तो वे पैदल वार्ड की गलियों में घूमे। समस्याएं जानीं और नगर निगम के अधिकारियों को निराकरण करने के निर्देश दिए।
वंशरूप वार्ड के अंदर जन संवाद शिविर आयोजित हुआ। यहां पर आयुक्त उपयंत्री के साथ दो पहिया वाहन में पहुंचे। लोगों की समस्या सुनीं। अभियान की सराहना की और समस्या निराकरण कराने आश्वासन दिया। साथ ही लोगों को केवायसी कराने कहा। लोगों को कचरा गाड़ी में डालने, सडक़ पर गंदगी न फैलाने, सडक़ में जगह छोडकऱ मकान बनाने आदि की सलाह दी।
हम वर्षों से बहु का राशन कार्ड में नाम जुड़वाने के लिए चक्कर काट रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही थी। पत्रिका के इस शिविर ने हमें सीधे अधिकारियों से बात करने का मौका दिया। यह बहुत अच्छी पहल है। अगर इसी तरह हर वार्ड में कैंप लगे तो आम महिलाओं को बहुत राहत मिलेगी।
श्याम बाई रैदास, स्थानीय निवासी।
क्षेत्र में छोटी-छोटी समस्याएं हैं। इमामबाड़ा मार्ग में स्ट्रीट लाइट की कमी है। नालियां खुली हैं व कई स्थान पर चोंक हो जाती हैं, इसलिए सफाई पर ध्यान दिया जाए। लोगों की समस्या को सुनने और समाधान कराए जाने के लिए पहली बार किसी ने गंभीरता से सुना। पत्रिका ने जो मंच दिया, उससे हम अपनी बात बेझिझक रख पाए।
नगीना, स्थानीय निवासी।
श्मशान घाट में चबूतरे की बहुत ज़रूरत है। कई बार बुजुर्गों को खुले में बैठना पड़ता है। मंदिर में भी सुरक्षा का आवश्यकता है। सफाई पर भी विशेष फोकस हो। पत्रिका के इस कार्यक्रम में अधिकारियों ने समस्या सुनी और आश्वासन भी दिया। पत्रिका की यह कोशिश बहुत सराहनीय है।
मुकेश तिवारी, स्थानीय निवासी।
नाली और सडक़ की समस्या से क्षेत्र के कुछ लोग परेशान हो रहे हैं। आज पहली बार सीधे नगर निगम अध्यक्ष व आयुक्त से बात हुई। पत्रिका का धन्यवाद, जिसने जनता की आवाज को मंच दिया और अधिकारियों तक पहुंचाया। जनसंवाद शिविर ने जनता और प्रशासन के बीच एक संवाद की खिडक़ी खोली है।
काजी मो. मुस्तकीम, स्थानीय निवासी।
Published on:
13 Apr 2025 07:24 pm
बड़ी खबरें
View Allकटनी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
