28 दिसंबर 2025,

रविवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पत्रिका हरित प्रदेश अभियान: धरा होगी हरी तो हर मन होगा खुशहाल, हर सांस होगी शुद्ध

बारडोली में हरितक्रांति का आगाज, रोपे गए 101 पौधे, उठी हरित जागरुकता की लहर, तिलक कॉलेज के समीप छात्रावास में पौधरोपण कार्यक्रम

3 min read
Google source verification

कटनी

image

Balmeek Pandey

Jul 06, 2025

Patrika Plantation campaign in Katni

Patrika Plantation campaign in Katni

कटनी. जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग और घटते हरित क्षेत्र जैसे पर्यावरणीय संकटों के समाधान की दिशा में पत्रिका समूह द्वारा शुरू किया गया ‘हरित प्रदेश अभियान’ शनिवार को बारडोली की पावन धरती में आरंभ हुआ। यह अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं, बल्कि जनचेतना, संरक्षण और सतत विकास का संगम है। शुभारंभ अवसर पर तिलक कॉलेज परिसर के पीछे स्थित छात्रावास क्षेत्र में 101 फलदार व छायादार पौधे रोपे गए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, समाजसेवियों, पार्टी प्रतिनिधियों और जागरूक नागरिकों ने बढ़-चढकऱ भाग लिया। सभी ने मिलकर पौधे लगाए और उन्हें संरक्षित रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि सभी प्रतिभागियों को कम से कम पांच पौधे लगाने और पांच वर्षों तक उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प दिलाया गया। यह संदेश दिया गया कि हर व्यक्ति अपने हिस्से की हरियाली खुद गढ़े। रामरतन पायल, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ने कहा पत्रिका केवल समाचारों की दुनिया तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों को आत्मसात करता है। जल, जंगल और जमीन के लिए ऐसा अभियान आज की सबसे बड़ी ज़रूरत है। उन्होंने युवाओं से आवाहन किया कि मोबाइल और सोशल मीडिया से थोड़ा समय निकालकर प्रकृति से जुड़ें।

प्रकृति के बिना जीवन की कल्पना अधूरी

शिवम मिश्रा नवपरिवर्तन प्रकाश फाउंडेशन के अध्यक्ष ने कहा कि हमारे जीवन में पौधों की भूमिका केवल ऑक्सीजन देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक और आध्यात्मिक रूप से भी हमें जोड़ते हैं। पत्रिका वर्षों से हरित प्रदेश की मुहिम चला रही है, जो वास्तव में अनुकरणीय है। प्रकृति के बिना जीवन की कल्पना अधूरी है। पौधे न केवल हमें ऑक्सीजन देते हैं, बल्कि भावनात्मक रूप से भी हमें संतुलन प्रदान करते हैं। उन्होंने पिछले वर्षों में पत्रिका द्वारा चलाए गए पर्यावरणीय अभियानों की सराहना करते हुए कहा कि इस अभियान को जनांदोलन बनाना होगा।

पौधारोपण की रही विविधता

इस दौरान आम, नीम, अमरूद, शीशम, गुलमोहर, करंज, जामुन, अर्जुन आदि के पौधे रोपे गए। इस अवसर पर जो पौधे रोपे गए, उनमें औषधीय, फलदार और छायादार वृक्ष शामिल थे। ऐसे पौधों का चयन विशेष रूप से किया गया, ताकि इनसे भविष्य में न केवल पर्यावरण लाभ हो, बल्कि स्थानीय पारिस्थितिकी को भी मजबूती मिले। इस कार्यक्रम में समाजसेवी संस्था नव परिवर्तन प्रकाश फाउंडेशन की सक्रिय भूमिका रही।

शहरवासियों ने कही यह बात

पत्रिका हमेशा समाजसेवी दृष्टिकोण से काम करता आया है। जल स्रोतों के संरक्षण, जनजागरण, पौधरोपण जैसे अभियान जिले की धरातल पर सकारात्मक असर छोड़ते हैं। हर नागरिक को प्रकृति के लिए योगदान देना होगा।
रामरतन पायल, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष।

जागरुकों लोगों ने कही यह बात

सुरक्षित परिसर में छात्रों के साथ मिलकर पौधारोपण किया गया। पत्रिका की पहल सराहनीय है। हर नागरिक में पौधे लगाने व संरक्षित करने की परंपरा बननी चाहिए।
रविंद्र कुमार मिश्रा, सहमंत्री।

पत्रिका हरित प्रदेश अभियान अच्छी पहल है। पौधारोपण विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी का भाव जाग्रत करता है। हर नागरिक इस जिम्मेदारी को समझे।
अजय माली, भाजयुमो उपाध्यक्ष।

मैंने पत्रिका अभियान में पौधा लगाया और संकल्प लिया कि जब तक वह पेड़ न बन जाए, देखभाल करूंगा। दोस्तों को भी पेड़ों की सुरक्षा के लिए प्रेरित करूंगा।
श्रीयांश दुबे, छात्र।

हर व्यक्ति यदि अपने परिसर में एक पौधा लगाए, तो हर घर हरियाली से भर सकता है। पत्रिका की मुहिम निश्चित रूप से सराहनी है। मैंने खुद बहुत पेड़ लगाएं हैं।
भगवत साहू, चौकीदार।

पत्रिका का अभियान समाज में जागरूकता और संवेदनशीलता बढ़ाता है। प्रकृति के संरक्षण से ही आने वाली पीढिय़ों का भविष्य सुरक्षित रहेगा।
आशुतोष विश्वकर्मा, पदाधिकारी।

हर छात्र यदि एक पौधा लगाए, तो हजारों पेड़ हर साल बढ़ सकते हैं। फलदार पौधे न सिर्फ छाया देते हैं, बल्कि पोषण का भी माध्यम हैं।
राजकुमार विश्वकर्मा, आचार्य।

देश की रक्षा सिर्फ सरहद पर जाकर ही नहीं, पर्यावरण बचाकर भी होती है। हर परिवार को त्योहारों पर पौधे भेंट करने की परंपरा शुरू करनी चाहिए।
भगत पटेल, छात्र।

पेड़ लगाने का मतलब है निवेश प्रकृति में, मुनाफा जीवन में। हर पौधा मेरा दोस्त है। मुझे खुशी है कि मैं पत्रिका के इस अभियान का हिस्सा बना।
गौरी पयासी, छात्रा।

पौधा लगाते समय जो खुशी मिली, वह किसी परीक्षा में टॉप करने से जैसी होती है। पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा के पाठ्यक्रम के साथ जीवन के व्यवहार में होना चाहिए।
काजल पटेल, छात्रा।

हरित प्रदेश अभियान जैसे प्रयास ही असली राष्ट्र निर्माण के आधार हैं। यदि आज हमने पौधे नहीं लगाए, तो आने वाली पीढ़ी हमें माफ नहीं करेगी।
रागनी पटेल, छात्रा।

आज नगरवन में होगा पौधरोपण

पत्रिका हरित प्रदेश अभियान के तहत रविवार को दोपहर 1 बजे से गल्र्स कॉलेज के समीप स्थित नगरवन में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, वन विभाग, समाजसेवी, एनजीओ के पदाधिकारी व सदस्य भागीदारी करेंगे।