कटनी. गाड़ी संख्या 11093 महानगरी एक्सप्रेस के बी-1 कोच में शराब पीकर हंगामा करते तीन रेलवे कर्मचारी पकड़ाए। घटना रविवार शाम मुख्य रेलवे स्टेशन की है। आरपीएफ ने तीनों कर्मचारियों का मेडिकल परीक्षण करवाकर रेलएक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार रेलवे की मुंबई मटुंगा वर्क शॉप में पदस्थ रेलवे कर्मचारी अनिल पांडे (28), अमित कोरी (32) व विशाल पांडे (24) मंबई से बनारस का सफर महानगरी एक्सप्रेस कर रहे थे। तीनों ने बी-१ कोच में 15, 16 व 42 नंबर बर्थ पर आरक्षण करवाया था। सफर के दौरान तीनों रेलकर्मचारी ट्रेन में ही शराब का सेवन करने लगे। इस दौरान उन्होंने ट्रेन में हंगामा भी किया। कोच कंडक्टर व यात्रियों ने शराब पीने व हंगामे करने का विरोध किया तो तीनों उनसे भी उलझने लगे। इस दौरान महिलाओं को खासी समस्या का सामना करना पड़ा। आरपीएफ निरीक्षक दिनेश सिंह ने बताया कि ट्रेन के एसी कोच में हंगामा होने व तीन लोगों द्वारा शराब पीने की सूचना कंट्रोल से मिलने पर ट्रेन को कटनी रेलवे स्टेशन में अटेंड किया गया। कोच अटेंडर की शिकायत पर तीनों कर्मचारियों को शराब के नशे में चूर पाए जाने पर ट्रेन से उतार लिया गया है। मेडिकल परीक्षण करवाते हुए तीनों के खिलाफ टे्रन में हंगामा करने पर रेलएक्ट 145 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।