
कौशांबी। सिराथू थाना क्षेत्र समेत समूचे कौशांबी जिले में पराली जलाने के मामले में पुलिस और प्रशासन रोक नहीं लगा पा रही है। स्थानीय अधिकारियों की उदासीनता के बाद भी सेटेलाइट से हुई निगरानी में सिराथू क्षेत्र के चार गांवों पराली जलाने की बात सामने आई। उप कृषि निदेशक के निर्देश पर तहसीलदार ने किसानों पर जुर्माना लगाया है।
इन किसानों पर हुई कार्रवाई
नायब तहसीलदार विनय सिंह ने बताया कि पुलिस संग लेखपालों से जांच कराने पर पराली जलाने की बात की पुष्टि हुई। जिसके बाद लेखपाल की रिपोर्ट के आधार पर जवई निवासी गया प्रसाद, फाजिलपुर गोपालपुर निवासी अबरार अहमद और मोहब्बतपुर पइंसा निवासी जैनउद्दीन पर ढाई-ढाई हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। जुर्माना जमा करने के लिए उन्हें नोटिस भी दी गई।
पराली जलाने की घटना पर नहीं लग पा रही रोक
प्रशासन और कृषि विभाग की उदासीनता, किसानों में जागरूकता की कमी और डीकंपोजर के प्रयोग की जानकारी के अभाव में पराली जलाने की घटनाओं पर रोक नहीं लग पा रही है। किसान चोरी छिपे पराली में आग लगा दे रहे हैं। जिससे क्षेत्र का प्रदूषण बढ़ रहा है।
Published on:
17 Nov 2023 09:19 am
