
खंडवा. ट्रेन नंबर-12534 पुष्पक एक्सप्रेस में टिकट चैकिंग के दौरान टीटीई की सूझबूझ से नाबालिग को अगवा कर नेपाल ले जा रहीं दो युवतियां पकड़ी गईं। दोनों युवतियां 14 साल की नाबालिग लड़की को अगवा कर अफने साथ नेपाल ले जा रही थीं, नाबालिग के परिजन ने उसके अपहरण की शिकायत बदलापुर मुंबई में दर्ज कराई थी। जैसे ही टीटीई को युवतियों पर शक हुआ तो उन्होंने तुरंत खंडवा आरपीएफ से संपर्क किया और खंडवा रेलवे स्टेशन आने पर आरपीएफ के जवानों ने ट्रेन में से दोनों युवतियों को गिरफ्तार करते हुए उनके चंगुल से नाबालिग को रिहा कराया। नाबालिग लड़की को कागजी कार्रवाई करने के बाद उसके परिजन के सुपुर्द कर दिया गया है जबकि किडनैपिंग करने वाली दोनों युवतियों से पूछताछ की जा रही है।
मुंबई से नाबालिग को किडनैप कर ले जा रहीं थी नेपाल
जानकारी के मुताबिक मुंबई से चलकर लखनऊ जाने वाली पुष्पक एक्सप्रेस में भुसावल और खंडवा के बीच स्लीपर कोच में टीटीई आरपी राम और केके मालपानी टिकट चैकिंग कर रहे थे। इसी दौरान स्लीपर कोच में एक नाबालिग बच्ची जनरल टिकट लेकर यात्रा करते हुए मिली। टीटीई ने जब सामान्य टिकट पर पेनाल्टी की बात कही तो नाबालिग घबरा गई और कहने लगी कि उसके पास पैसे नहीं हैं। इतना ही नहीं उसने इशारा करते हुए टीटीई से कहा कि ये दोनों युवतियां उसे नेपाल ले जा रही हैं। टीटीई ने दोनों युवतियों से पूछा तो उन्होंने लड़की के उनके साथ होने से साफ इंकार कर दिया। टीटीई ने बताया कि जब ट्रेन भुसावल प्लेटफॉर्म पर थी आरपीएफ के जवान ट्रेन में किसी लड़की की तलाश कर रहे थे उन्होंने तुरंत खंडवा आरपीएफ से संपर्क कर भुसावल आरपीएफ से लड़की का फोटो मंगाने के लिए कहा। कुछ ही देर में टीटीई के मोबाइल पर लड़की का फोटो आया जो कि ट्रेन में सवार युवती का ही थी।
नेपाल की रहने वाली हैं दोनों युवतियां
फोटो से पहचान होने पर टीटीई ने खंडवा आरपीएफ को सूचना दी जिसके बाद ट्रेन के खंडवा पहुंचने पर आरपीएफ के जवान कोच में पहुंचे और युवतियों के चंगुल से नाबालिग को छुड़ाया। दो युवतियों को पकड़कर आरपीएफ जवान अपने साथ थाने लेकर पहुंचे जहां उन्होंने अपने नाम आकृति व कीर्ति डांगी निवासी डांग तुलसीपुर डंगेश्वरी नेपाल बताए हैं। नाबालिग लड़की के अपहरण की शिकायत मुंबई के बदलापुर में दर्ज कराई गई थी जिसके आधार पर परिजन को बुलाकर कागजी कार्रवाई करने के बाद नाबालिग को उनके हवाले कर दिया गया है।
Published on:
15 Oct 2022 05:16 pm
बड़ी खबरें
View Allखंडवा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
