
खंडवा. पंजीयक विभाग में मार्च एंडिंग पर भी छाया सन्नाटा।
जिला पंजीयक विभाग ने अचल संपत्तियों के बाजार मूल्य की गाइड लाइन को लेकर आई आपत्तियों के बाद संशोधन किया है। इस वर्ष खंडवा में जोड़े गए चार विशिष्ट गांवों को फिर से गाइड लाइन से हटाया गया है। साथ ही आपत्तियों के चलते शहरी क्षेत्र में प्राइम लोकेशन पर बढ़ाई जमीन की कीमतों में बदलाव किया गया है। नई गाइड लाइन भोपाल राज्य मूल्यांकन समिति के पास भेजी गई है, जिस पर सोमवार को फैसला होगा। आगामी एक अप्रैल से नई गाइड लाइन लागू हो जाएगी।
कूल 9 ग्रामों को बनाया था विशिष्ट ग्राम
इस वर्ष पंजीयक विभाग ने पूर्व से मौजूद 25 विशिष्ट ग्रामों में पुनासा के पांच और खंडवा के चार ग्रामों को भी जोड़ा था। इसमें पुनासा के ग्राम मोरटक्का माफी, बिल्लौर बुजुर्ग, कोठी सहित इनपुन पुनर्वास, भोगावां शामिल थे। साथ ही खंडवा के सिहाड़ा, मथेला, सिंगोट, जावर को भी शामिल किया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य इन विशिष्ट ग्रामों में विकास की संभावनाओं को देखते हुए सिंचित और अंसिचित जमीनों के भाव एक समान किया जाना है। गाइड लाइन को लेकर मांगी दावे-आपत्तियों में खंडवा के विशिष्ट ग्रामों की सूची से सिहाड़ा, मथेला, जावर, सिंगोट को हटाने की मांग की गई थी। आपत्ति के बाद कलेक्टर के निर्देश पर इन्हें गाइड लाइन से हटाया गया है।
20 आपत्तियां, एक अमान्य, बाकी में संशोधन
पंजीयक विभाग ने शहर के कुल 21 वार्डों की लोकेशन को हॉट प्रॉपर्टी के रूप में चिह्नित कर यहां 10 से 50 प्रतिशत तक की गाइड लाइन बढ़ाई है। इन पर दावे-आपत्तियां भी बुलाई गई थी। शहर की प्राइम लोकेशन को लेकर 20 आपत्तियां आई थी, जहां लोगों ने विकास नहीं होने के कारण यहां भाव अधिक किए जाने पर आपत्ति ली थी। पंजीयक विभाग ने 20 में से 1 आपत्ति को अमान्य किया है और बाकी आपत्तियों का युक्तियुक्त रूप से समाधान किया है। जिसके चलते इन लोकेशन पर दो से पांच प्रतिशत तक भाव कम हुए है।
इन क्षेत्रों की कॉलोनियों में बढ़े भाव
पंजीयक विभाग ने जिन क्षेत्रों में भाव बढ़ाए है उसमें 2 नंबर रणजीत वार्ड, 3 सूरजकुंड, 4 नीलकंठेश्वर, 5 किशोर कुमार गांगुली, 6 लोकनायक जयप्रकाश, 7 संत विनोबा भावे, 8 सांईराम नगर, 9 अंबेडकर वार्ड, 10 संत रैदास वार्ड, 11 सरोजनी नायडू, 23 नंबर श्यामाप्रसाद मुखर्जी, 24 कुंडलेश्वर वार्ड, 32 संतोषी माता वार्ड, 33 लोकमान्य तिलक, 34 रानी दुर्गावती, 35 महालक्ष्मी वार्ड, 36 हजरत खानशाहवली वार्ड, 47 नंबर रामेश्वर वार्ड, 48 लाल बहादुर शास्त्री, 49 नेताजी सुभाषचंद्र बोस और 50 नंबर आनंद नगर वार्ड की एक-एक कॉलोनी शामिल है।
मार्च एंडिंग में भी पसरा सन्नाटा
इस बार पंजीयक विभाग अपने लक्ष्य को पूरा नहीं कर पा रहा है। मार्च एंडिंग में जहां पंजीयक विभाग में भीड़ लगी होती थी, वहां सन्नाटा पसरा पड़ा है। दिनभर में इक्का-दुक्का रजिस्ट्री ही हो रही है। पंजीयक विभाग को इस साल 136 करोड़ राजस्व प्राप्ति का लक्ष्य मिला है, जिसमें से गुरुवार तक 113 करोड़ का ही राजस्व प्राप्त हो पाया था। यह लक्ष्य का महज 83.08 प्रतिशत है। जबकि पिछले साल 114 करोड़ के लक्ष्य में से 94 प्रतिशत यानि 108 करोड़ की लक्ष्य प्राप्ति हुई थी।
आंशिक संशोधन किया है
दावे-आपत्तियों को लेकर गाइड लाइन में आंशिक संशोधन किया गया है। प्रस्तावित गाइड लाइन भोपाल भेजी गई है, जहां से जो भी प्रस्ताव पास होकर आएंगे, उसे लागू किया जाएगा। पंजीयक कार्यालय 31 मार्च तक लगातार खुला रहेगा।
कौशलेंद्र सिंह, जिला पंजीयक
Updated on:
27 Mar 2026 12:04 pm
Published on:
27 Mar 2026 12:03 pm
बड़ी खबरें
View Allखंडवा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
