
-फ्लॉप शो साबित हुआ किसान संयुक्त मोर्चा का चक्कजाम-इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर एक घंटा चक्काजाम किया
खंडवा.
केंद्र सरकार के तीन कृषि कानून के विरोध में शनिवार को किसान संयुक्त मोर्चा द्वारा देशभर में नेशनल, स्टेट हाईवे पर चक्काजाम का आह्वान किया गया था। खंडवा में संयुक्त मोर्चा के साथ कांग्रेस पार्टी ने भी छैगांवमाखन स्थित इंदौर-इच्छापुरा हाईवे पर चक्काजाम और महापंचायत का आयोजन रखा था। चक्काजाम में न तो कांग्रेसी इक_ा हो पाए, न ही किसानों की भीड़ जमा हो पाई। चंद कांग्रेस पदाधिकारियों, किसानों ने एक घंटा सांकेतिक चक्काजाम कर ज्ञापन सौंपकर कार्यक्रम का समापन कर दिया।
राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ, आम किसान यूनियन सहित अन्य संगठनों से संयुक्त रूप से शनिवार दोपहर 12 बजे इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर चक्काजाम रखा था। पीसीसी के निर्देश पर कांग्रेस भी इस चक्काजाम में संयुक्त रूप से शामिल हुई। 12 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर लोग ही इकट्ठा नहीं हो पाए, जिसके कारण करीब पौन घंटा देरी से चक्काजाम शुरू हुआ। भीड़ बढ़ती न देख राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के आठ लोग ही हाईवे पर बैठ गए। इसके बाद कांगे्रस के पदाधिकारियों का आना शुरू हुआ। करीब एक घंटा चले चक्काजाम के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने कृषि कानून को लेकर केंद्र सरकार को कोसा। इसके बाद यहां मौजूद एसडीएम खंडवा डॉ. ममता खेड़े को ज्ञापन सौंपा गया।
प्रशासन ने की थी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
संयुक्त मोर्चा के आंदोलन में पूर्व सांसद व पूर्व पीसीसी अध्यक्ष अरुण यादव के भी शामिल होने की संभावना थी। जिसके चलते आंदोलन में भीड़ इक_ा होने की आशंका के चलते प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी। वाहनों को रोकने के लिए खंडवा में इंदौर नाका, भोजाखेड़ी और डुल्हार में कार्यपालिक दंडाधिकारी की नियुक्ति भी की गई थी। वहीं, भारी संख्या में पुलिस बल भी छैगांवमाखन में तैनात कर दिया गया था। इसके साथ ही क्यूआरएफ की एक टूकड़ी भी यहां लगाई गई थी। एसडीएम के साथ ही तहसीलदार, नायब तहसीलदार की भी ड्यूटी छैगांवमाखन में लगाई गई थी।
मार्ग किया था परिवर्तित, नहीं पड़ा चक्काजाम का असर
चक्काजाम के दौरान इंदौर इच्छापुर हाईवे से गुजरने वाले वाहनों के जाम में फंसने की आशंका को देखते हुए प्रशासन द्वारा मार्ग परिवर्तन किया गया था। इंदौर से बुरहानपुर की ओर जाने वाले वाहनों के लिए कालमुखी रोड से खंडवा होते हुए डुल्हार फाटा का मार्ग तय किया गया था। चक्काजाम की स्थिति देखते हुए मार्ग परिवर्तन कोई काम नहीं आया। छैगांवमाखन चौराहा पर होने वाला चक्काजाम आगे रोड पर होने से वाहन पुराने पुलिस थाने के पास से होते हुए खंडवा रोड चौराहा पहुंचते हुए आसानी से निकल गए।
किसानों की जमीन हड़पने का षड्यंत्र
चक्काजाम के दौरान संयुक्त मोर्चा और कांग्रेस पदाधिकारियों ने जमकर केंद्र सरकार को कोसा। राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के संयोजक सौरभसिंह कुशवाह ने कहा कि कृषि कानून किसानों की जमीन हड़पने का षड्यंत्र है। अडानी, अंबानी को फायदा पहुंचाने के लिए ये कानून बनाया गया है। इस कानून से किसानों को कोई फायदा नहीं हो रहा। इस दौरान फिशरमैन कांग्रेस के सदाशिव भवरियां, उत्तमपाल सिंह पुरनी, छाया मोरे व अन्य ने संबोधित किया। चक्काजाम के दौरान आम किसान यूनियन के अश्विन बक्शी, राजकुमार कैथवास, कांग्रेस शहर अध्यक्ष ठा. इंदलसिंह पंवार, ग्रामीण जिलाध्यक्ष ओंकार पटेल, रचना तिवारी, हेमलता पालीवाल, सुनील सकरगाएं, युवा कांग्रेस कार्यकर्ता सहित अन्य उपस्थित थे।
Published on:
06 Feb 2021 10:51 pm
बड़ी खबरें
View Allखंडवा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
