
खंडवा. सिर पर बाल्टी और हाथों में ट्रे पर पानी से भरे गिलास लेकर पहुंचे कांग्रेसी।
यहां बैठे सारे अफसर एक बार ये पानी पीकर दिखा दे तो हम मान जाएंगे कि ये शुद्ध पानी है। पिछले दस साल से खंडवा की जनता को नर्मदा जल के नाम पर लूटा जा रहा है। नलों से ऐसा पानी आ रहा है कि पीना तो दूर नहाने का भी मन नहीं कर रहा। ये बात मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचे कांग्रेस नेताओं ने अधिकारियों से कही। सिर पर मटमैले पानी की बाल्टी, हाथों में ट्रे पर गिलास में पानी भरकर कांग्रेसी अधिकारियों को पानी पिलाने पहुंचे।
कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष रचना तिवारी ने सिर पर पानी की बाल्टी रखी। निगम नेता प्रतिपक्ष मुल्लू राठौर ने हाथों में ट्रे पर पानी भरे गिलास लेकर चलते हुए अधिकारियों तक पहुंचे। यहां एडीएम केआर बड़ोले, संयुक्त कलेक्टर एसआर सोलंकी, एसडीएम बजरंग बहादुर और निगम जल कार्य विभाग प्रभारी कार्यपालन यंत्री वर्षा घिडोड़े को मटमैला जल पेश किया। रचना तिवारी ने कहा कि हम वर्षों से सजा भुगतते आ रहे है। विश्वा कंपनी लोगों को नर्मदा जल के नाम पर गंदा, मटमैला पानी पिला रही है। अस्पताल के आंकड़े निकाल लो, पिछले दस साल में गंदा पानी पीने से कितने लोग बीमार होकर इलाज कराने पहुंचे है, स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
गैस की जगह हार्ड फार्म में डाल रहे क्लोरिन
निगम नेता प्रतिपक्ष मुल्लू राठौर ने अधिकारियों के सामने जल कार्य प्रभारी से पूछा कि पानी साफ करने के लिए क्या डाला जा रहा है। इस पर वर्षा घिडोड़े ने कहा कि क्लोरिन डाल रहे है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा नियमानुसार तो बड़े प्रोजेक्ट में गैस फार्म में क्लोरिन डालकर पानी साफ किया जाता है। मैंने रीवा प्लांट का भ्रमण किया था, वहां गैस फार्म में क्लोरिन से पानी साफ किया जा रहा है। यहां जरा सा क्लोरिन, ब्लिचिंग पाउडर और एलम डालकर पानी साफ किया जा रहा है, जो गलत है।
दस साल से दो गुना जलकर भर रहे
नेताओं का कहना था कि विश्वा कंपनी ने लूट मचा रखी है। अनुबंध के अनुसार रोजाना पानी दिया जाना है, लेकिन एक दिन की आड़ से माह में सिर्फ 15 दिन पानी दिया जा रहा है। पानी भी ऐसा कि पीने का मन नहीं करता। निगम द्वारा जलकर तो पूरे माह का वसूल किया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि गंदा पानी पिलाने और लोगों को बीमार करने के लिए विश्वा और निगम अधिकारियों पर केस भी दर्ज होना चाहिए। एडीएम केआर बड़ोले ने एक सप्ताह में समस्या का निराकरण करने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष हेमलता पालीवाल, दिव्यांश ओझा व अन्य साथ थे।
Updated on:
25 Dec 2024, 11:57 AM IST
Published on:
25 Dec 2024, 11:57 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.