
खंडवा. जिपं सीईओ के सामने आक्रोश दर्ज कराती आउटसोर्स कर्मी महिला।
जनसुनवाई में बार-बार आवेदन देकर थक चुके लोगों का धैर्य जवाब देने लगा है। मंगलवार को भी कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई जनसुनवाई के दौरान आवेदकों का आक्रोश फूट पड़ा। आउट सोर्स कर्मी महिला ने नौकरी वापस दिलाने की बात पर जमकर हंगामा किया। जिपं सीईओ के सामने मेज पर हाथ पटकने से उसकी चुडिय़ां भी टूट गई। मुंबई से आए एक आवेदक की जब सुनवाई नहीं हुई तो वें बाहर निकलते ही बिलखकर रो पड़े। वहीं, एक अन्य बुजुर्ग महिला ने भी अपनी सुनवाई नहीं होने पर जमकर हंगामा किया।
जनसुनवाई में पहुंची मंडी में आउटसोर्स कम्प्यूटर ऑपरेटर कुसुम तिवारी ने भोपाल की कंपनी पर बिना किसी बात के नौकरी से निकालने का आरोप लगाया। जिपं सीईओ डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा को अपनी व्यथा सुनाते हुए महिला आक्रोशित हो उठी और मेज पर हाथ पटकने लगी। जिसके कारण उसकी चुडिय़ां भी टूट गई। जिपं सीईओ ने उसे बैठाया और शांत होकर बात करने को कहा। जिपं सीईओ ने कार्रवाई का आश्वासन देकर भेजा।
रामपुरा कलां हाल मुकाम मुंबई से आए बद्रीप्रसाद उर्फ हरिशंकर ने बताया कि उसकी जमीन रामपुरा कला में कुल 14.29 एकड़ है। जिसमें से उसने 10 एकड़ बेची थी, एक एकड़ जमीन बंदोबस्त में कम हो गई थी। अब दो एकड़ जमीन पर जमीन खरीदने वाले ने कब्जा कर लिया है। कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने कहा कि आपकी बात बाद में सुनेंगे। इस पर बाहर निकलते ही बुजुर्ग रोने लगे। हालांकि कलेक्टर ने बाद में उन्हें अपने कक्ष में बुलाकर सारी जानकारी ली। बुजुर्ग की जमीन का केस एसडीएम न्यायालय में प्रचलित होने से कलेक्टर ने एसडीएम को दो माह में सुनवाई करने के निर्देश दिए।
रामपुरा से आई बुजुर्ग महिला मासुम बाई पति गनी ने बताया कि उसके पति का स्वर्गवास हो चुका है। उनके नाम की जमीन अपने नाम कराने के लिए वह दो साल से भटक रही है। कई बार तहसील कार्यालय में भी आवेदन दे चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। कलेक्टर ने कहा कि दस्तावेजों के हिसाब से आप पात्र नहीं हो। जिसके बाद बुजुर्ग महिला ने हंगामा शुरू कर दिया। यहां मौजूद महिला गार्ड ने बुजुर्ग महिला को सभाकक्ष से बाहर कर दिया।
-ग्राम कटार के कैलाश बैरागी ने नर्मदा परिक्रमा मार्ग ऊबड़ खाबड़ होने से इस मार्ग पर मुरम डलवाने की मांग की।
-ग्राम सुरगांवजोशी निवासी सदाशिव ने गांव के परम्परागत मार्ग तथा पानी निकासी के मार्ग पर अवैध रूप से मिट्टी डालकर अतिक्रमण करने की शिकायत की।
-रानी पटेल निवासी दादाजी वार्ड ने बताया कि माता पिता दोनों का निधन हो गया है तथा दादी अत्यंत वृद्ध है। अत: आर्थिक सहायता दिलाई जाए।
-ग्राम किरगांव निवासी हीरालाल चौहान ने ग्राम पंचायत द्वारा तालाब खुदाई में करोड़ों रुपए का भ्रष्टाचार होने की शिकायत करते हुए जांच की मांग की।
Published on:
24 Jun 2026 12:16 pm
बड़ी खबरें
View Allखंडवा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
