25 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अयोध्या की घटना के बाद सतर्कता : मजिस्ट्रेट के सामने हो रही ओंकारेश्वर मंदिर में दान की गिनती

-श्रीराम मंदिर में दान चोरी की घटना के बाद प्रशासन ने ओंकारेश्वर में बढ़ाई पारदर्शिता -ओंकारेश्वर में अधिकतम दान ऑनलाइन, शीघ्र दर्शन और प्रसादालय से -भक्तों की संख्या बढऩे के साथ ही दान की राशि भी बढ़ी
2 min read
Google source verification

खंडवा

image

Manish Arora

Jun 23, 2026

Ayodhya Ram Mandeer

खंडवा. ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर।

अयोध्या के श्रीराम मंदिर में दान चोरी की घटना ने देशभर में सनातन धर्म से जुड़े लोगों को अचंभित कर रखा है। खंडवा जिले में स्थित ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में भी हर साल करोड़ों का दान आता है। यहां प्रशासन ने दान की राशि को लेकर पहले से पारदर्शिता बना रखी है। दान राशि की गिनती मजिस्ट्रेट के सामने बकायदा वीडियोग्राफी के साथ की जा रही है।

सार्वजनिक नहीं करते दान

ओंकारेश्वर मंदिर ट्रस्ट द्वारा दान की राशि उजागर नहीं की जाती है, लेकिन अनुमान के मुताबिक सालभर में 70 करोड़ से अधिक का दान आता है। ओंकारेश्वर में सर्वाधिक आय ऑनलाइन शीघ्र दर्शन व्यवस्था, प्रसादालय और लड्डुओं की बिक्री से आता है। साथ ही दर्शनार्थियों द्वारा भी दान पेटी में नकद राशि डाली जाती है। मंदिर ट्रस्ट द्वारा ऑनलाइन दान करने की भी व्यवस्था है। अधिकतर दान ऑनलाइन के माध्यम से ही आता है। नकद राशि की गिनती भी सप्ताह में दो बार मंगलवार और शुक्रवार को एसडीएम (मजिस्ट्रेट) के समक्ष वीडियाग्राफी के साथ की जाती है।

Watch Video

वर्ष 2024 में उजागर हुई थी आय

मंदिर ट्रस्ट और प्रशासन द्वारा ओंकारेश्वर मंदिर में होने वाली आय का ब्यौरा सार्वजनिक नहीं किया जाता है। वर्ष 2024 में मंदिर की आय-व्यय के ब्योरे का पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। तब मंदिर की आय करीब 33 करोड़ रुपए बताई गई थी। महाकाल मंदिर बनने के बाद से मंदिर में दर्शनार्थियों की भीड़ भी बढ़ी है। यहां प्रतिदिन करीब 25 से 30 हजार और विशेष अवसरों, पूर्णिमा, अमावस, शनिवार-रविवार को यह संख्या दो से तीन गुना हो जाती है। भगवान के दर्शन करने वाले दान पेटियों में नकद राशि सहित सोना-चांदी भी दान कर रहे हैं।

ऑनलाइन बुकिंग से 6 लाख रुपए रोज

प्रतिदिन मंदिर ट्रस्ट द्वारा 2 हजार स्लॉट शीघ्र दर्शन के बुक किए जाते है, जिसके लिए 300 रुपए प्रति व्यक्ति लिया जाता है। इस हिसाब से करीब 6 लाख रुपए रोज सिर्फ शीघ्र दर्शन से आय हो रही है। इसके अलावा प्रसादालय में भी प्रति व्यक्ति 30 रुपए में भोजन प्रसादी परोसी जाती है। रोजाना 5 हजार से अधिक लोग भोजन भी यहां कर रहे हैं।

पूरी पारदर्शिता बरत रहे

ओंकारेश्वर मंदिर में अधिकतर दान ऑनलाइन माध्यम से ही आता है। जो नकद राशि आती है उसकी गिनती में भी पारदर्शिता रखी जाती है और मंदिर ट्रस्ट द्वारा रसीद भी दी जाती है। आयकर में छूट के लिए कोई प्रमाण पत्र मांगता है तो वह भी देते है।
ऋषव गुप्ता, कलेक्टर