
सर्व ब्राह्मण समाज और विश्व ब्राह्मण संघ के तत्वावधान में भगवान परशुराम जयंती पर पांच दिवसीय ब्रह्मोत्सव मनाया जा रहा है। रविवार को महोत्सव के चौथे दिन शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा में भगवान परशुराम की 50 किलो वजनी अष्टधातु की प्रतिमा को नगर भ्रमण कराया गया। युवतियां वीरांगना रूप में अश्वों पर, ऊंट पर बालक और रथ में परशुराम रूप में सोमू व्यास आकर्षण का केंद्र रहे।
पारंपरिक वेशभूषा में हुए शामिल
शोभायात्रा शाम 6.30 बजे उत्कृष्ट स्कूल मैदान से निकाली गई। शोभायात्रा में महिलाएं लाल वस्त्र और पुरुष सफेद कुर्ता पैजामा पहनकर शामिल हुए। डीजे, ढोल पर बज रहे भक्तिगीतों पर नृत्य की प्रस्तुति देते समाजजन चल रहे थे। शोभायात्रा में हनुमानजी की प्रतिमा, विशालकाय नंदी महाराज की प्रतिमा आकर्षण का केंद्र रही। जगह-जगह स्वागत मंचों से शोभायात्रा पर पुष्पवर्षा की गई।