ग्राम पंचायतों में सरपंच, सचिवों के फर्जीवाड़े रुकने का नाम नहीं ले रहे है। ताजा मामला ग्राम सिहाड़ा का है, जहां सरपंच, सचिव ने धोखाधड़ी से निजी जमीन को शासकीय बताकर जमीन मालिक के पड़ोसी को पट्टा दे दिया। अपनी जमीन पर मकान बनाने जा रहे जमीन मालिक को जब इसका पता चला तो मंगलवार कलेक्ट्रेट पहुंच जनसुनवाई में गुहार लगाई। इस दौरान परिवार की महिलाएं फफक कर रो पड़ी। जनसुनवाई में कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने सुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में परिवार सहित आए कमलचंद पिता उमराव मालाकार निवासी सिहाड़ा ने बताया कि खसरा नंबर 781 पर उसकी दो पीड़ी खले में खेती कर रही ह। उस स्थान पर पड़ोसी बलीराम पिता शंकर द्वारा सरपंच, सचिव, पटवारी से सांठगांठ कर 2018 में नकली पट्टा बना लिया। आवेदक द्वारा मकान निर्माण के समय उनके भाई लक्ष्मण पिता शंकर द्वारा मकान बनाने की सहमति दी गई थी। जब मकान निर्माण शुरू हुआ तो बलीराम ने सरपंच, सचिव, पटवारी के माध्यम से रोक लगा दी। जबकि उनके पास जमीन के सारे दस्तावेज है। मामले में कलेक्टर ने जांच के निर्देश दिए। वहीं, ग्राम अमलपुरा से आए पंढरी पिता श्रीराम तिरोले, अजय तिरोले ने समाज की खांडेराव कुनबी समाज कल्याण समिति के सदस्यों पर सामाजिक बहिष्कार करने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि भतीजी की शादी खांडेराव तिरोले समाज की बजाए कुनबी तिरोले समाज में की है। जिसके कारण उनके परिवार सहित 40 परिवारों पर समाज के किसी भी कार्यक्रम में शामिल होने पर रोक लगा दी गई है।
पति की मृत्यु के बाद परेशान महिलाओं ने लगाई गुहार
आवेदिका ममताबाई पति स्व. रूपसिंग असबारे निवासी बीड़ द्वारा पति के मृत्योपरांत उनके बेटे को अनुकम्पा नियुक्ति, ग्रेच्युटी राशि, एरियर राशि एवं अन्य पेंशनर्स के लाभ दिलाने की मांग की। आवेदिका प्रियंका सावनेर पति स्व. धनराज सावनेर निवासी सिंघाड़तलाई द्वारा पति की मृत्योपरांत उनके बच्चों की फीस माफ कराने की सहायता देने की मांग की। साथ ही उन्हें किसी भी एनजीओ या अस्थाई नियुक्ति पर रखे जाने की मांग की। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को जांच कर समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए।
ये आवेदन भी आए जनसुनवाई में
किशोरसिंह पिता दौलतसिंह निवासी ओंकारेश्वर, बालवाड़ी ने ममलेश्वर मंदिर को शासकीय किए जाने की मांग की। छाया वर्मा निवासी पंजाब कॉलानी, राजेन्द्र नगर ने बताया कि उनके पुत्र ने 2 मई को घर में फांसी लगा ली थी। वह एक गरीब महिला है तथा उनकी कोई आय नहीं है एवं आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की। कमलसिंह सूर्यवंशी, धनसिंह सूर्यवंशी तथा सेवकराम कुशवाह द्वारा झिरन्या लिफ्ट एरीगेशन में ग्राम रोशनहार में सिंचाई के लिए पाइप लाइन जोडऩे की मांग की। जनसुनवाई में लगभग 105 आवेदन प्राप्त हुए।