
-शादी के लिए नीचम जाते समय कार से उतरी और बाइक पर बैठकर भागी-मामला जावर थाना क्षेत्र का, दुल्हा नीमच से आया था शादी करने
खंडवा.
लुटेरी दुल्हन के झांसे में आए एक दुल्हे को दो लाख रुपए के जेवर से हाथ धोना पड़ा। रिश्ता तय हुआ, दुल्हे के परिवार ने दुल्हन को गहने दिए, शादी के लिए जाते समय दुल्हन कार से उतरी और एक बाइक सवार के साथ फरार हो गई और दुल्हा हाथ मलता रहा गया। घटना जावर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात को जावर-मूंदी रोड की है। ठगाए दुल्हे ने जावर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने लुटेरी दुल्हन और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया।
पुलिस के अनुसार नीचम जिले के कुकडेश्वर थाना क्षेत्र के बरखेड़ी निवासी पप्पू सिंह राजपूत के विवाह की चर्चा छोटी बोरगांव निवासी प्रियंका पाटीदार से चल रही थी। 6 माह पूर्व पप्पू की बहन गायत्री बाई राजपूत निवासी नहारगढ़, मूंदी के पास आंवलिया ग्राम में एक शादी समारोह में शामिल हुई थीं। यहां उसे अपने भाई के लिए एक लड़की पसंद आई थी। जिस पर गांव के कैलाश कोरकू ने लड़की का नाम प्रियंका पाटीदार बताया था और रिश्ते की बात चलाई थी। इस दौरान कैलाश कोरकू कई बार पप्पू के परिवार से मिला था। शादी की बात पक्की होने पर मंगलवार को कैलाश ने गायत्री को बताया कि गहने और नकदी के साथ जावर बुलवाया था।
बात पक्की कर ले जा रहे थे साथ
मंगलवार को पप्पू अपनी बहन और भाभी व अन्य के साथ खंडवा पहुंचा। यहां शादी के लिए नोटरी कराने की भी बात हुई। इस दौरान लड़की का आधार कार्ड मांगा तो उसने होने से इंकार कर दिया। दुल्हे और उसके परिवार शंका जरूर हुई, लेकिन शादी के चक्कर में इस बात को नजर अंदाज कर दिया। शादी की बात पक्की होने पर कैलाश ने लड़की के परिवार को देने के लिए रुपए और लड़की को जेवर देने की बात कही। पप्पू के परिवार ने नकदी और जेवर करीब 2 लाख रुपए के दे दिए। इसके बाद वे लड़की को लेकर जाने लगे। इस दौरान कैलाश ने कहा कि उसे ग्राम आवलियां उतार दे, तो उसे भी जीप में बैठा लिया।
कार से उतरी और बाइक पर बैठकर हुई फुर्र
कैलाश को आवलियां छोडऩे के लिए मूंदी मार्ग पर दुल्हे की जीप चल पड़ी। मंगलवार रात को जावर-मूंदी रोड पर जायका ढाबे पर कैलाश ने चाय पीने के लिए गाड़ी रुकवाई और नकदी रुपए लेकर वहीं रुक गया। इसके बाद पप्पू का परिवार आगे रवाना हुआ। करीब चार-पांच किमी चलने के बाद अचानक पीछे से एक बाइक सवार आया और जीप के आगे गाड़ी लगा दी। जीप रुकते ही प्रियंका उतरी और बाइक पर सवार होकर फुर्र हो गई। इससे पहले की पप्पू व उसका परिवार कुछ समझ पाता, बाइक आंखों से ओझल हो गई। जिसके बाद पप्पू परिवार सहित जावर थाने पहुंचा। यहां पप्पू की बहन गायत्री बाई राजपूत निवासी नहारगढ़ की शिकायत पर प्रियंका, कैलाश और अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
Published on:
17 Feb 2022 12:33 pm
बड़ी खबरें
View Allखंडवा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
