श्री धूनीवाले दादाजी मंदिर निर्माण के लिए गठित श्री धूनीवाला आश्रम मंदिर नव निर्माण समिति की प्रथम बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक में मंदिर के भूमि पूजन की तारीख,संपूर्ण मंदिर निर्माण का प्लान एवं उसकी लागत के संबंध आदि विषयों पर चर्चा की गई। मंदिर निर्माण को लेकर बनी समिति में शामिल ट्रस्ट, पटेल सेवा समिति और छोटे सरकार समर्थक सदस्य के बीच भूमि पूजन की तारीखों को लेकर संशय रहा। जिसके चलते भूमि पूजन की तारीख अब बुधवार को तय की जाएगी।
मंगलवार को सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल की अध्यक्षता में हुई बैठक में समिति सदस्य संत उत्तम स्वामी महाराज भी शामिल होने वाले थे, लेकिन स्वास्थ्य खराब होने से वे ऑनलाइन शामिल रहे। बैठक में सबसे महत्वपूर्ण बिंदू मंदिर निर्माण भूमि पूजन की तारीख था, जिस पर समिति सदस्यों की एक राय नहीं बनी। श्री दादाजी मंदिर ट्रस्ट की ओर से 13, 25 एवं 29 जून को भूमि पूजन करने की बात रखी गई। वहीं, पटेल सेवा समिति की ओर से 7 जुलाई, छोटे सरकार की ओर से 30 जून की तिथियों का सुझाव दिया गया। सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने बताया कि बुधवार को तारीख भी तय कर ली जाएगी। संभवत: 29 या 30 जून को बड़े पैमाने पर भूमि पूजन किया जा सकता है।
टेंडर प्रक्रिया से होगा मंदिर निर्माण कार्य
बैठक में आर्किटेक्ट विरेन्द्र त्रिवेदी से अनुबंध के लिए सर्वसहमति से निर्णय लिया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि त्रिवेदी 25 जून तक मंदिर की थ्री डी इमेज एवं वॉकथ्रू उपलब्ध करवाएंगे। मंदिर निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया का पालन किया जाएगा। मंदिर निर्माण समिति के समस्त लेखों के प्रबंधन के लिए भरत झंवर को प्रमुख अंकेक्षक के रूप में कार्य करने के लिए सर्वसहमति से निर्णय लिया गया। निर्माण के समय कार्य एवं पत्थर (मकराना) की गुणवत्ता की जांच करने के लिये इस क्षेत्र में महारथ रखने वाले व्यक्ति को साईट इंजार्च/साईट कॉर्डिनेटर के रूप में रखने की चर्चा की गई।
संत मंगलदास महाराज ने दी 15 करोड़ की रसीद
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक माह के प्रथम गुरुवार दोपहर 12 बजे समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। समिति का बैंक खाता एचडीएफसी बैंक शाखा आंनद नगर खंडवा में खोला गया है जिसकी जानकारी सभी सदस्यों को दी गई। मंदिर निर्माण के लिए श्री श्री दादा दरबार मंदिर एवं धर्मार्थ औषधालय निर्माण समिति की ओर से 15 करोड़ रुपए खाते में जमा कराए गए, जिसकी रसीद संत मंगलदास त्यागी महाराज ने सांसद को सौंपी। वहीं सदस्य राकेश बंसल ने 1.11 लाख रु. की राशि खाते में जमा कराई। बैठक में संत विवेकानंद पुरी महाराज, विधायक कंचन तनवे, महापौर अमृता यादव, कलेक्टर ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय, संयुक्त कलेक्टर अंशु जावला, एसडीएम बजरंग बहादुर सहित समिति सदस्य उपस्थित थे।