
मुख्यमंत्री मोहन यादव हरसूद विधानसभा में तेंदू पत्ता समितियों को संबोधित करते हुए
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को खंडवा जिले के हरसूद विधानसभा क्षेत्र में आयोजित तेंदूपत्ता व वन समितियां सम्मेलन, जनजाति सम्मेलन, छड़ी वितरण एवं विभिन्न हितलाभ वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। साथ ही विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण भी किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संबोधित करते हुए कहा कि कि आज निमाड़ क्षेत्र पंजाब को टक्कर दे रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों से मध्यप्रदेश में गेंहू की कीमत 2600 रुपये क्विंटल हो गई है जो कि पूरे देश में सबसे अच्छी है। उन्होंने कहा कि खंडवा में दादाजी धूनीवाले मंदिर का निर्माण भी शीघ्र ही किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार महाकाल लोक का निर्माण हुआ है उसी प्रकार ओंकारेश्वर लोक का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पवित्र ग्रंथ गीता के नाम पर पूरे प्रदेश में गीता भवन बनाएं जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां भगवान श्री कृष्ण की लीलाएं हुई हैं वहां धाम बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ओंकारेश्वर वन अभ्यारण का विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी समय मे जनजाति अंचल में सभी युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 20 जिलों में 221 वन धन केंद्र स्थापित किये जायेंगे, जिससे युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जनपद में गौ पालन के लिए एक आदर्श ग्राम बनाया जाएगा जो कि वृंदावन ग्राम कहलाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 15000 वन समितियां हैं, जिनमें 32 प्रमुख वन उपज समितियां हैं। आने वाले समय मे तेंदूपत्ता संग्रहण को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरसूद विकासखंड के 4 ग्रामों को 42.95 करोड़ की सिंचाई परियोजना से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि खालवा माइक्रो लिफ्ट इरीगेशन के छूटे हुए 36 ग्रामों की 9794 हेक्टेयर भूमि हेतु 468 करोड़ की लिफ्ट परियोजना बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि 100 सीटर हरसूद सिविल अस्पताल का नाम संत बुखारदास के नाम पर रखा जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एनएमडीसी द्वारा जनपद पंचायत खालवा को प्रदाय बर्तन बैंक एवं शव वाहिनी को संचालन के लिए स्वर्गीय देवी शाह स्मृति न्यास खालवा को सौंपा। उन्होंने शुद्ध चिल्ड फिल्टर वाटर पेयजल टेंकर सोलर सिस्टम सहित ग्राम पंचायत जोगीबेड़ा विकास खंड खालवा को प्रदाय किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने परिक्षेत्र सिंगाजी के चारखेड़ा मनोरंजन एवं वन्यप्राणी अनुभव क्षेत्र अंतर्गत कैफेटेरिया लागत राशि रू. 38 लाख एवं मूविंग हट लागत रू. 36 लाख, 100 बिस्तरीय सिविल अस्पताल हरसूद लागत रू. 2000 लाख, 50 बिस्तरीय सिविल अस्पताल खालवा लागत राशि 1000 लाख का लोकार्पण किया। उन्होंने नगर क्षेत्र नया हरसूद के 67. 85 कि.मी. आंतरिक मार्ग 751.70 लाख के उन्नयन, राज्य मार्ग क्रमांक 15 से बड़खलिया पहुंच मार्ग लम्बाई 1.80 किमी लागत 160.18 लाख, उंडेल से सुरवाडियापहुँच मार्ग लम्बाई 1.20 किमी लागत 131.45 लाख का भूमिपूजन किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुजुर्गाें के आवागमन सुविधा के लिए 05 हितग्राहियों को टार्च सुविधा युक्त छड़ी वितरण किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वनग्राम में मच्छर उन्मूलन हेतु फॉगिंग मशीन का वितरण दो हितग्राहियों को किया। उन्होंने वनोपज महुआ संग्रहण हेतु महुआ वृक्ष के नीचे बिना ज़मीन पर गिरे संग्रहण हेतु पेड़ के चारों तरफ बांधने के लिए ग्रीन नेट का प्रदाय दो हितग्राहियों को किया। उन्होंने वनग्राम में निवासरत परिवारों को हाट-बाजार से सौदा लाने हेतु दो हितग्राहियों को झोला वितरण किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राजमणि पिता देवराम यादव को स्कूटर की चाबी दी। कुमारी अंजली पिता गणेश चौधरी ग्राम जामनी गुर्जर द्वारा मेधावी छात्र योजना अंतर्गत लगभग 64 लाख की छात्रवृति एवं पूरी फीस अर्जित कर प्रथम श्रेणी में एमबीबीएस पास होने पर भेंट की एवं सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव चारखेड़ा पहुंचे, जहां उनका स्वागत पारंपरिक नृत्य से किया गया। उन्होंने आइलैंड ईको पर्यटन क्षेत्र चारखेड़ा में निर्मित 05 टूरिज्म हट का लोकार्पण किया। उन्होंने पक्षियों के लिए निर्मित सकोरों में जल भरने का कार्य किया।
Published on:
02 May 2025 12:50 pm
बड़ी खबरें
View Allखंडवा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
