आमाखुजरी में वनकर्मियों के साथ मारपीट की घटनाएं बढ़ी
गुड़ी वन परिक्षेत्र के आमाखुजरी में 27 अप्रेल को कार्रवाई की गई थी। रेंजर नरेंद्र पटेल को सूचना मिली की आमाखुजरी में अतिक्रमण की जमीन पर खेती करने की तैयारी की जा रही है। बोवनी के लिए ट्रैक्टर चलाया जा रहा है। इसके बाद रेंजर पटेल ट्रैक्टर पकड़ने पहुंचे थे। अतिक्रमण कारियों ने उन्हें ट्रैक्टर के पास जाने से पहले ही रोक दिया था। वन अमले को रोकर उनसे विवाद करने लगे और दूसरी तरफ से ट्रैक्टर को भगा दिया। इसके बाद से वनकर्मी ट्रैक्टर को तलाश रहे थे। रेंजर पटेल ने बताया कि सोमवार को पता चला की ट्रैक्टर रायपुर (सेंधवाल) गांव में पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाने आया है। इसके बाद अमले के साथ पेट्रोल पंप पहुंचे और ट्रैक्टर को जब्त कर शेखपुरा-खालवा मार्ग से खालवा वन विभाग के कार्यालय लेकर आ रहे थे।
इस बीच नागोतार बैरियर के पास आरोपी करताप पिता लाखासिंग (2) धुमसिंग पिता लाखासिंग (3) करण पिता लाखासिंग, (4) मिश्रीबाई पति लाखासिंग (5) छतरसिंग पिता लाखासिंग एवं अन्य लगभग 5 लोगों ने वन अमले के घेरकर लाठी, डंडे और पत्थर से हमला कर दिया। ट्रैक्टर लेकर जा रहे वनकर्मी पर लट्ठ बरसाए और उससे ट्रैक्टर छुड़वा लिया। इस दौरान एक वनकर्मी ने मारपीट का वीडियो बना लिया।
अतिक्रमण कारियों ने हमला करने के मामले में नामजद आरोपियों के विरुद्ध खालवा थाने में प्रकरण पंजीबद्ध कराया गया है। आमाखुजरी से अतिक्रमण हटाने के लिए शीघ्र ही संयुक्त रूप से कार्रवाई की जाएगी। – राकेश कुमार डामोर, डीएफओ।