
खंडवा में दर्दनाक हादसा
खंडवा में दर्दनाक हादसा हुआ। यहां के पंधाना रोड सिरपुर फाटे पर ट्रक ने एक परिवार की खुशियां छीन ली। ट्रक ने बाइक सवार भाई, बहन और मां को रौंद दिया। भाई की मौके पर ही मौत हो गई जबकि हादसे में गंभीर रूप से घायल बहन और मां ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मां और बेटे—बेटी ने अंतिम समय तक एक दूसरे का साथ नहीं छोड़ा।
इस घटना से इलाके में मातम पसर गया। हादसे में सिलोदा निवासी 20 साल के मोहित पिता जितेंद्र और उसकी 15 साल की बहन वैष्णवी के साथ मां कांतिबाई की मौत हुई है। परिवार ने जिला अस्पताल के डाक्टरों पर उपचार में देर करने का आरोप लगाते हुए बालिका की मौत पर हंगामा कर आक्रोश जताया।
मृतक बच्चोें के बड़े पापा दिनेश चौहान ने बताया कि वैष्णवी को कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। इसलिए उसे लेकर भतीजा मोहित और बहु कांतिबाई खंडवा में डॉक्टर को दिखाने ले जा रहे थे। इस बीच सिरपुर फाटे के पास सामने से आ रहे ट्रक ने मोहित की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से तीनों बाइक सहित गिर गए थे। ड्राइवर ने ट्रक को रोकने के बजाय उन पर चढ़ा दिया।
हादसे में मोहित की मौके पर ही मौत हो गई। घायल वैष्णवी और मां कांतिबाई को जिला अस्पताल लाया गया। यहां कुछ देर बाद वैष्णवी और उसकी मां कांतिबाई की मौत हो गई। घायल वैष्णवी की मौत पर परिवार के लोगों ने जिला अस्पताल में हंगामा किया। उन्होंने मौत के लिए अस्पताल के डाक्टर को जिम्मेदार ठहराया।
डॉक्टर पर इलाज में देरी करने का आरोप
घायल वैष्णवी की मौत पर परिवार के लोगों ने जिला अस्पताल में हंगामा किया। उन्होंने मौत के लिए अस्पताल के डाक्टर को जिम्मेदार ठहराया। बड़े पापा चौहान का कहना है कि वैष्णवी को जब यहां लाया गया वह जीवित थी, लेकिन डॉक्टर ने उपचार शुरू नहीं किया। उन्होंने कहा कि जाकर पहले पर्ची बनाकर लाओ। पर्ची बनाकर लाने में करीब आधा घंटा लग गया। इस बीच उपचार नहीं होने से बालिका की मौत हो गई।
पदमनगर थाना प्रभारी अशोक सिंह चौहान ने बताया कि ट्रक ने बाइक को टक्कर मारी थी। इस हादसे में भाई बहन और उनकी मां की मौत हुई है। ट्रक को जब्त किया गया है। ड्राइवर की तलाश की जा रही है। मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू की है।
इधर एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से गांव में मातम पसरा है। घटना को लेकर गांव में स्थित निजी स्कूल ने शोक व्यक्त करते हुए सोमवार को अवकाश घोषित कर दिया।
Published on:
18 Sept 2023 02:36 pm
बड़ी खबरें
View Allखंडवा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
