खंडवा.
साहब हमारा घर तो गिरवी रखा हुआ हैं, हमारे पास तो कोई संपत्ति भी नहीं है। सर मेरा लड़का तो यहां रहता ही नहीं, बुजुर्ग माता-पिता के साथ अपना जीवन यापन कर रहे हैं। कुछ ऐसी ही बातें गुरुवार को पुलिस के सामने गुंडे, बदमाशों के परिजन कहते नजर आए। एंटी माफिया अभियान के तहत गुरुवार को पुलिस, राजस्व, नगर निगम अमले ने लिस्टेड गुंडों की अवैध संपत्तियों का भौतिक सत्यापन किया। इस दौरान अमले ने मोहल्ले गलियां भी छानी। साथ ही अवैध अतिक्रमणकारी बदमाशों के यहां नोटिस भी तामिल किए गए।
पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र शुक्ल के निर्देश पर एंटी माफिया अभियान के तहत शहर में तीनों थाना पुलिस ने 26 गुंडों की सूची तैयार की है, जिनकी अवैध संपत्ति या अतिक्रमण मौजूद है। गुरुवार को एसडीएम अरविंद चौहान, सीएसपी पूनमचंद्र गुर्जर, निगमायुक्त नीलेश दुबे सहित राजस्व, पुलिस और निगम की टीम गुंडों के बदमाशों के घर पहुंची। यहां मोघट थाना क्षेत्र में इमलीपुरा, शकर तालाब, खानशाहवली वार्ड, हातमपुरा सहित अन्य क्षेत्रों में टीम पहुंची और अवैध संपत्तियों व अतिक्रमणों का सत्यापन किया। वहीं, कोतवाली थाना क्षेत्र में बांगलादेश, भगतसिंह वार्ड, घासपुरा, कहारवाड़ी, टपालचाल, बड़ा अवार, चीरा खदान, गुलमोहर कॉलोनी सहित अन्य स्थानों पर जानकारी जुटाई गई। पदम नगर क्षेत्र में संजय नगर, बंगाली कॉलोनी, सिंघाड़ तलाई, दादाजी वार्ड, फकीर मोहल्ला, इंदौर नाका क्षेत्र में पुलिस पहुंची।
22 बदमाशों के यहां नोटिस तामिल
पुलिस की गुंडा लिस्ट में कोतवाली थाना क्षेत्र के 11, मोघट थाना क्षेत्र के 9 और पदम नगर थाना क्षेत्र के 6 गुंडे शामिल है। गुरुवार को पुलिस ने करीब 22 गुंडों के यहां नोटिस तामिल किए और अतिक्रमणों को तोडऩे की हिदायत दी। साथ ही राजस्व अमले, निगम अमले ने इस दौरान पतली गलियों, जेसीबी पहुंच विहीन क्षेत्रों के नक्शे भी तैयार किए, ताकि अतिक्रमण हटाने के दौरान यहां सुरक्षित कार्रवाई की जा सकें। इमलीपुरा, घासपुरा, संजय नगर सहित कई क्षेत्र ऐसे हैं, जहां गुंडों के मकानों तक पहुंचने के लिए महज तीन-चार फीट की गलियां है। इन गलियों में कार्रवाई के लिए संयुक्त टीम रणनीति तैयार कर रही है।
फाइनल मीटिंग के बाद होगी कार्रवाई
गुंडे बदमाशों की अवैध संपत्तियों, अतिक्रमणों का भौतिक सत्यापन कर नोटिस जारी किए गए है। फाइनल मीटिंग में कार्रवाई की रणनीति तैयार की जाएगी। बहुत जल्द कार्रवाई भी होगी।
पूनमचंद्र गुर्जर, सीएसपी खंडवा