मेडिकल कॉलेज अस्पताल के चिकित्सक बोले, नमक, तेल, चिप्स, पापड़, समोसे, मिक्चर, कचौरी, तली-भुनी चीजों के खाने से परहेज करें। बाजार में मिक्चर आदि के सेवन से बचें। तो सेहत सही रहेगी।
स्वस्थ रहने नमक व तेल का सेवन कम करें
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट में 30 प्लस उम्र के पांच लाख लोगों की जांच की गई। इसमें 40 हजार 807 हाइपरटेंशन और 26 हजार 829 मरीज मधुमेह के मिले हैं। डॉ विशाल श्रीवास्तव ने संतुलित आहार, नियमित व्यायाम के साथ तनाव प्रबंधन की सलाह दी है। डॉ रोहन ने कहा कि शिविर में जांच के दौरान 30 % रक्तचाप के मरीज आए। उन्होंने सलाह दी है कि नमक व तेल का सेवन कम करें। बाजार में समोसे, चिप्स, कुरकुरे, मिक्चर आदि से बचें।
शरीर में सोडियम की मात्रा 5 मिली ग्राम से बढ़ी तो खतरा
विश्व रक्तचाप दिवस के अवसर पर एनसीडी केंद्र पर 250 की जांच की गई। इसमें हाइपरटेंशन के 32 पुरुष और 30 महिलाएं मिलीं। शिविर में 19 वर्ष की जांच रिपोर्ट में 140 / 90 की जगह 150 / 90 आई। डॉ रोहन की पूछताछ में पता चला कि युवक प्रतिदिन बाजार में समोसे, मिक्चर का सेवन करता है। डॉ ने कहा कि चिप्स, कुरकुरे, लेस के साथ नमक और तेल वाली चीजों के अधिक सेवन से शरीर में जरूरत से ज्यादा सोडियम बढ़ जाता है। शरीर को सिर्फ 5 मिली ग्राम जरूरत होती है। अधिक होने पर पानी बाहर नहीं निकल पाता। हाइपरटेंशन की बीमारी होती है।
बालिका को आया चक्कर, फीमेल वार्ड में भर्ती
-शनिवार अस्पताल गैर संचारी रोग केंद्र पर बीपी, शुगर की जांच कराने पहुंची पायल को चक्कर आ गया। परिजनों ने गार्ड की मदद से तीसरी मंजिल पर फीमेल वार्ड में भर्ती कराया। देर शाम तक जांच रिपोर्ट नहीं आई भी। इलाज के लिए वार्ड में भर्ती किया गया है।
चलती बस में घबराया चालक
-बस चालक मोहसिन (30) निवासी भटालपुरा शनिवार दोपहर खरगोन से यात्रियों को लेकर खंडवा के लिए रवाना हुआ। भीकनगांव पहुंचा तो घर में फोन लगाकर कहा, मुझे घबराहट हो रही है। परिजनों ने आश्वासन दिया। जैसे ही वह इंदौर नाक बस स्टैंड पर पहुंचा कि उसकी सांस फूलने लगी। अस्पताल पहुचे। डॉक्टर ने चेकअप कर ट्रामा सेंटर में भर्ती कर दिया। हिस्ट्री में बाजार में समोसे, तेलयुक्त चीजों का अधिक सेवन से हाइपरटेंशन बढ़ा हुआ आया है। चिकित्सक इलाज देने के साथ समझाइश दी है।
अस्पताल में जन जागरूकता कार्यक्रम
विश्व हाइपरटेंशन दिवस के अवसर पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम किया गया। इस दौरान रैली ,पोस्टर, रंगोली के साथ स्वास्थ्य शिविर लगा। सिविल सर्जन डॉ. अनिरुद्ध कौशल और मेडिकल कॉलेज के सुपरिटेंडेंट डॉ. रंजीत बडोले ने हाइपरटेंशन बीमारी के प्रति जागरूकता के लिए प्रेरित किया। इस दौरान डॉ विशाल श्रीवास्तव, डॉ. रोहन देशमुख समेत नर्सिंग ऑफिसर नमिता डेविड, वर्षा वाडिया, रिंकी मुजाल्दे, आदि रहे।
एक्सपर्ट व्यू-डॉ डॉ. विशाल श्रीवास्तव, नोडल अधिकारी, एनसीडी
रक्तचाप के कई कारण हैं। जैसे फैमिली हिस्ट्री, तनाव, गलत ,खानपान और लाइफस्टाइल आदि। इससे बचने अपनी दिनचर्या में बदलाव करें। धूम्रपान से दूर रहें। अच्छी नींद लें। नमक, तेल, पापड़, नमकीन, समोसा, कचोरी, चिप्स, कोल्डड्रिंक एवं तली चीजें कम खाएं। ताकि ब्लड प्रेशर कंट्रोल में रहे। प्रतिदिन 30 मिनट तक घूमने की सलाह दी। यदि ब्लड प्रेशर 140 से अधिक है तो डॉ. की सलाह अनुसार नियमित रूप से गोली का सेवन करें।