खंडवा. रेलवे जंक्शन पर यात्री सुविधाओं को लेकर रेलवे द्वारा विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इस समय गेज परिवर्तन, यार्ड रिमोल्डिंग, एस्केलेटर, लिफ्ट और प्लेटफॉर्म विस्तारीकरण का कार्य लंबित है। जिसे देख निर्माण कार्यों को जल्द पूरा कराने की मांगों को लेकर रेल समिति सदस्य ने भुसावल मंडल डीआरएम को पत्र लिखा। पत्र का जवाब देते हुए मंडल ने स्पष्ट किया है कि स्टेशन पर यार्ड रिमोल्डिंग कार्य दो चरणों में पूरा किया जाएगा। इसमें पहला चरण पूरा करने की समय सीमा वर्ष 2020 तय की गई है। वहीं दूसरे चरण का कार्य 2021 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यार्ड रिमोल्डिंग कार्य के लिए रेलवे द्वारा इंजीनियरिंग स्केल प्लान (इएसपी) तैयार और अनुमोदित हो चुका है। वहीं कार्य के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके अलावा गेज परिवर्तन का कार्य रतलाम मंडल और नांदेड़ मंडल द्वारा किया जा रहा है। खंडवा सेक्शन में गेज परिवर्तन कार्य जल्द शुरू होकर पूरा कराया जाएगा।