
सभा स्थल पर समर्थकों का अभिवादन स्वीकार करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया
कोलकाता. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ब्रिगेड परेड ग्राउंड में तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि राज्य में बदलाव का माहौल बन चुका है, इसे कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि अब राज्य के लोगों के दिलों में यह बात छप चुकी है कि बंगाल की 'निर्मम सरकार' का अंत होकर रहेगा। यहां उमड़ी विशाल भीड़ इस बात का प्रमाण है कि आज बंगाल क्या सोच रहा है। लोगों का उत्साह और जोश स्पष्ट रूप से दिखाता है कि राज्य में परिवर्तन की इच्छा मजबूत हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि अब बंगाल से महाजंगलराज का खात्मा होगा और राज्य में कानून का राज स्थापित होगा। जो भी कानून तोड़ेगा या अत्याचार करेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों से हिसाब लिया जाएगा। भाजपा और एनडीए को महिषासुर मर्दिनी का आशीर्वाद प्राप्त है और वे महान विभूतियों के सपनों का बंगाल बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। परिवर्तन की यह आंधी अब रुकने वाली नहीं है। रामकृष्ण परमहंस, स्वामी विवेकानन्द, सुभाष चन्द्र बोस, बंकिम चन्द्र चट्टोपाध्याय, रवीन्द्रनाथ टैगोर, ईश्वर चन्द्र विद्यासागर, खुदीराम बोस और श्यामा प्रसाद मुखर्जी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन महान व्यक्तित्वों ने जिस बंगाल की कल्पना की थी, भाजपा की सरकार उस बंगाल का निर्माण करेगी।
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य ऐसा बंगाल बनाना है जहां युवाओं को शिक्षा, रोजगार और बेहतर भविष्य के अवसर मिलें तथा राज्य फिर से देश की प्रगति में अग्रणी भूमिका निभाए। अब समय आ गया है कि इस स्थिति को बदला जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि बंगाल के युवाओं को राज्य में ही रोजगार और अवसर मिलें। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि टीएमसी सरकार न तो खुद काम करती है और न ही दूसरों को काम करने देती है। उन्होंने कहा कि राज्य में केंद्र सरकार की कई योजनाएं लागू नहीं हो पा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि यदि टीएमसी सरकार हटती है तो हर गरीब को पक्का घर मिलना शुरू हो जाएगा।
मुखौटा पहने और कट आउट लिए जनसभा में पहुंचे लोग
जनसभा में जाने के लिए सुबह के समय हावड़ा-सियालदह स्टेशन सहित कोलकाता की सड़कों पर पीएम मोदी का मुखौटा पहने और हाथ में कट आउट लिए जनसैलाब उमड़ा। वहीं कोई हनुमान तो कोई भगवान राम के स्वांग में सभा स्थल पर पहुंचा। भाजपा के ब्रिगेड रैली में भाग लेने के लिए शुक्रवार रात जिलों से हजारों भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक कोलकाता के लिए रवाना हुए। इस विशाल यात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए विशेष ट्रेनें चलायी गईं।
नाव के जरिए पहुंचे कई कार्यकर्ता
रैली में भाग लेने के लिए सुंदरबन के सुदूर क्षेत्रों से सागर द्वीप, नामखाना और पत्थरप्रतिमा जैसे द्वीपों के बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता अपनी यात्रा पर निकले। कार्यकर्ता भाजपा झंडे लहराते पहले नाव के जरिए नदियों को पार करते हुए मुख्यभूमि पहुंचे, और फिर ब्रिगेड परेड ग्राउंड की ओर बढ़े। कई समर्थकों ने समय पर रैली में पहुँचने के लिए प्रातःकाल से ही यात्रा शुरू कर दी थी।
दिलीप घोष भी मंच पर नजर आए
प्रधानमंत्री मोदी की सभा में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष भी मंच पर दिखाई दिए। लंबे समय से अलग थलग पड़े वरिष्ठ भाजपा नेता दिलीप घोष ने राज्य की जनता से वर्तमान सरकार को हटाने की अपील की और कहा कि भाजपा पश्चिम बंगाल में विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की नीतियों के कारण कई उद्योगपति निवेश करने से बच रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राज्य में रेल और अवसंरचना से जुड़े कई विकास कार्य होने का दावा किया। मंच से मिथुन चक्रवर्ती, लॉकेट चटर्जी, पूर्व केंद्रीय मंत्री निशीथ प्रमाणिक, नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद राहुल सिन्हा, नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी, प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद शमीक भट्टाचार्य, केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार आदि भी मौजूद रहे।
लगे काले रंग के 'गो बैक’ मोदी के होर्डिंग्स
प्रधानमंत्री मोदी की ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाली मेगा रैली से कुछ घंटे पहले गो बैक मोदी लिखे काले रंग के कई होर्डिंग्स दिखाई दिए। इन होर्डिंग्स पर पश्चिम बंगाल के लिए लंबित केंद्रीय फंड्स की जारी करने की मांग प्रमुखता से की गई थी। साथ ही इन होर्डिंग्स में विशेष रूप से बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय, रवींद्रनाथ ठाकुर और नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसे महान बंगाली व्यक्तित्वों का उल्लेख करते हुए अपमान का आरोप लगाया गया और हैशटैग के साथ भाजपा के बहिष्कार का आह्वान किया गया।
18,700 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास
एकदिवसीय दौरे पर कोलकाता पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 18,700 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन तथा शिलान्यास किया। ये परियोजनाएं सड़क अवसंरचना, रेलवे, बंदरगाह एवं नौवहन सहित कई क्षेत्रों से संबंधित हैं। रेलवे से जुड़े कार्यक्रम के अंतर्गत प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल के छह पुनर्विकसित अमृत स्टेशनों का उद्घाटन किया, साथ ही बेलदा–दांतन के बीच तीसरी लाइन तथा कलाईकुंडा–कानिमहुली के बीच स्वचालित ब्लॉक सिग्नलिंग को राष्ट्र को समर्पित किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने कोलकाता स्थित कार्यक्रम स्थल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पुरुलिया – आनंद विहार टर्मिनल (दिल्ली) एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाई। जिन छह पुनर्विकसित अमृत स्टेशनों का उद्घाटन किया। उनमें उत्तर-पूर्व सीमांत रेलवे के अंतर्गत कामाख्यागुड़ी, दक्षिण पूर्व रेलवे के अधिकार क्षेत्र में अनारा, तमलुक, हल्दिया और बराभूम तथा पूर्व रेलवे के अधिकार क्षेत्र में सिउड़ी स्टेशन शामिल हैं।
Published on:
15 Mar 2026 01:20 pm
बड़ी खबरें
View Allकोलकाता
पश्चिम बंगाल
ट्रेंडिंग
