
बिजली समस्या पर आंदोलन की चेतावनी (photo source- Patrika)
CG Power Cut Issue: कोण्डागांव जिले में जारी अनियमित बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो नेशनल हाईवे-30 पर चक्का जाम किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में किसानों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए 72 घंटे (तीन दिन) का समय दिया। चेतावनी दी गई कि यदि निर्धारित समय के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा और राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर चक्का जाम किया जाएगा।
ब्लॉक अध्यक्ष बड़ेराजपुर बुद्धमन शोरी के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में मुख्य अतिथि के रूप में जिला अध्यक्ष सुक्कू नाग शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अभी गर्मी पूरी तरह शुरू भी नहीं हुई है, लेकिन भाजपा शासन में बिजली कटौती ने लोगों का जीवन मुश्किल बना दिया है। उन्होंने कहा कि इस समस्या का सबसे अधिक असर दो वर्गों पर पड़ रहा है।
एक ओर बिजली की कमी के कारण किसानों की सिंचाई प्रभावित हो रही है, जिससे फसलें बर्बादी की कगार पर पहुंच रही हैं। वहीं दूसरी ओर परीक्षाओं के इस महत्वपूर्ण समय में बिजली कटौती से छात्रों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
CG Power Cut Issue: सुक्कू नाग ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ की विडंबना है कि यहां बिजली का उत्पादन होता है और इसे अन्य राज्यों को बेचा जाता है, जबकि राज्य के अपने नागरिक लो-वोल्टेज और अघोषित कटौती से परेशान हैं। उन्होंने बिजली व्यवस्था में अव्यवस्था के लिए पिछली कांग्रेस सरकार और वर्तमान भाजपा सरकार दोनों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि बढ़ते बिजली बिल और अनियमित कटौती से जनता आर्थिक और मानसिक तनाव झेल रही है। किसान देश का पेट भरता है, लेकिन सरकार उसकी समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दे रही है।
Published on:
13 Mar 2026 02:32 pm
बड़ी खबरें
View Allकोंडागांव
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
