
मौत, PC- Patrika
Big Incident: कोरबा के लक्ष्मणबन बस्ती में शुक्रवार की देर शाम एक हादसे ने पूरे क्षेत्र झकझोर कर रख दिया। एक आवासीय परिसर की बाउंड्रीवाल के पास एक्सीवेटर से काम कराए जाने के दौरान दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। इस मलबे की चपेट में आने से एक मासूम बालक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
बताया जा रहा है कि लक्ष्मण वन बस्ती स्थित एक मकान की बाउंड्रीवाल के समीप एक्सीवेटर (जेसीबी) मशीन से कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान मशीन के तेज झटके और खुदाई के दबाव के कारण दीवार अपनी नींव छोड़ गई और बाहर गली की ओर गिर गई। दुर्भाग्य से उस समय गली से गुजर रहे तीन लोग मलबे के नीचे पूरी तरह दब गए। मलबे की चपेट में आने से दो वर्षीय बालक धनेश कर्ष की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, बस्ती के ही दो अन्य युवक विशाल यादव (20) और संजीव कुमार (22) गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे बस्ती के लोग तत्काल बचाव के लिए मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
इस घटना के बाद लक्ष्मण वन बस्ती में मातम पसर गया। स्थानीय लोगों ने आवासीय परिसर में हो रहे काम और जेसीबी के असुरक्षित उपयोग पर सवाल उठाते हुए सुरक्षा की अनदेखी का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि लापरवाही के कारण एक मासूम की जान गई है। इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंची। इस घटना से आक्रोशित क्षेत्र के लोग कोतवाली मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।
Updated on:
28 Feb 2026 09:55 am
Published on:
28 Feb 2026 09:55 am
