9 दिसंबर 2025,

मंगलवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Bharat Jodo Nyay Yatra: आज कोरबा पहुंचेगी राहुल की यात्रा, इन रूटों पर वाहन रहेगी प्रतिबंधित..देखिए लिस्ट

Bharat Jodo Nyay Yatra In Korba: कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज कोरबा जिले में प्रवेश कर रही है। रायगढ़, सक्ती जिला होकर यह यात्रा कोरबा जिले में प्रवेश करेगी। ग्राम लबेद, तुमान, तिलकेजा के रास्ते भैसमा पहुंचेगी। यात्रा में शामिल राहुल गांधी सहित अन्य नेता भैसमा कॉलेज के पास बनाए गए छावनी में ठहरेंगे।

4 min read
Google source verification
bharat_jodo_nyay_yattra.jpg

Bharat Jodo Nyay Yatra In CG: कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज कोरबा जिले में प्रवेश कर रही है। रायगढ़, सक्ती जिला होकर यह यात्रा कोरबा जिले में प्रवेश करेगी। ग्राम लबेद, तुमान, तिलकेजा के रास्ते भैसमा पहुंचेगी। यात्रा में शामिल राहुल गांधी सहित अन्य नेता भैसमा कॉलेज के पास बनाए गए छावनी में ठहरेंगे। इसके लिए 55 से 60 कंटेनर छावनी में पहुंचे हैं। छावनी के चारों ओर सुरक्षा घेरा मजबूत कर दिया गया है। राहुल की सुरक्षा में तैनात एजेंसियां इस छावनी की सुरक्षा को संभाल रही है। बाहर की सुरक्षा की देखरेख स्थानीय पुलिस के पास है।

कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को देखते हुए स्थानीय पुलिस ने कोरबा जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये हैं। जिस रास्ते से होकर राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पहुंच रही है उसके चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। इस मार्ग को यात्रा से पहले ही आम लोगों के लिए बंद कर दिया जाएगा। जिला प्रशासन की ओर से बताया गया है कि लबेद से लेकर भैसमा कॉलेज तक स्टेट हाइवे पर रविवार दोपहर 2 बजे से छोटी-बड़ी गाड़ियों का परिचालन रोक दिया जाएगा। यात्रा को देखते हुए उरगा से सीतामणी ओवरब्रिज तिराहे तक भी सुरक्षा कड़ी रहेगी। भारत जोड़ो यात्रा की अवधि में यह मार्ग भी आम लोगों के लिए बंद रहेगा। सीएसईबी चौक से दर्री, छुरीकला होकर कटघोरा के रास्ते बांगो, मोरगा होते हुए अंबिकापुर की तरफ जाने वाला मार्ग भी राहुल की यात्रा के समय बंद रहेगा। इस दौरान छोटी-बड़ी गाड़ियों को गुजरने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

यह भी पढ़े: CM विष्णुदेव साय ने दिया पुलिस अधिकारियों को कड़ा संदेश, बोले- अपराध पर नहीं लगी लगाम तो...

27वें दिन न्याय यात्रा पहुंच रही कोरबा

कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत 14 जनवरी को मणिपुर से हुई थी। यह यात्रा अलग-अलग राज्यों से होकर रायगढ़ के रास्ते छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर चुकी है। 27वें दिन यह यात्रा कोरबा पहुंच रही है। यात्रा को लेकर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में उत्साह है। इसके लिए पार्टी ने तैयारियां पूरी कर ली है।

प्रशासन ने सुझाए 6 वैकल्पिक मार्ग

कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान आम लोगों को परेशानी न हो इसके लिए जिला प्रशासन ने 6 वैकल्पिक मार्ग बताए हैं। हाटी-धरमजयगढ़ की ओर से आने वाली गाड़ियां चचिया चौक होते हुए कोरकोमा के रास्ते बालकोनगर रिंग रोड तक पहुंच सकेंगीं। बिलासपुर की ओर से आने वाली गाड़ियां कनकी, तरदा होकर हसदेव दांयी तट नहर होकर कुसमुंडा होते हुए आगे निकल सकेंगी। ढेलवाडीह, सुतर्रा मार्ग यात्रा के लिए खुला रहेगा। सुतर्रा बायपास होकर गाड़ियां बांकीमोंगरा की ओर आना-जाना कर सकेंगीं। चंदनपुर बायपास मार्ग से जेंजरा चौक होकर गाड़ियां जय बूढ़ादेव कॉलेज के पास मेनरोड को पकड़ सकेंगीं। गुरसियां-जटगा मार्ग भी आम जनता के लिए पूर्व की तरह खुला रहेगा। इस रास्ते यात्री आना-जाना कर सकेंगे।

राहुल के साथ जयराम सहित 200 से अधिक नेता छावनी में गुजारेंगे रात

राहुल के साथ भारत जोड़ो न्याय यात्रा में चलने वाले लोगों को रात में ठहराने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। राहुल के साथ इवेंट मैनेजमेंट करने वाले एक बड़ी टीम चल रही है। इस टीम में लगभग 300 कर्मचारी काम कर रहे हैं। राहुल की यात्रा जिस मार्ग से होकर गुजर रही है और जहां रात में ठहर रही है वहां यह टीम राहुल के ठहराव से दो-तीन दिन पहले पहुंच रही है। इस टीम में सुरक्षा गार्ड से लेकर ड्राइवर, हेल्पर, सफाई कर्मी, रसोईया सहित बड़ी संख्या में अन्य मजदूर भी हैं। टीम के साथ चलने वाले एक स्टाफ ने भैसमा में ’पत्रिका‘ से चर्चा करते हुए बताया कि राहुल की भारत जोड़ो न्याय यात्रा जब से मणिपुर से शुरू हुई है तब से वे उनके साथ चल रहे हैं। टीम में लगभग 300 कर्मचारी चल रहे हैं। इनके पास इतने संसाधन हैं कि 24 घंटे के भीतर ही छावनी तैयार कर लिया जा रहा है। ट्रक पर 55 से 60 कंटेनर रखे हुए हैं और इन कंटेनरों में आराम के लिए सभी जरूरी सुविधाएं मौजूद हैं। ट्रकों पर इतना कंटेनर और सुविधाएं हैं कि इसे चलता-फिरता गांव तक कहा जा रहा है। राहुल गांधी के साथ इस यात्रा में कांग्रेस के दिग्गज नेता जयराम रमेश के अलावा अन्य वरिष्ठ नेता भी चल रहे हैं। सभी के लिए कंटेनर में रहने की सुविधा है। कंटेनर में 200 से अधिक नेताओं के ठहरने की व्यवस्था है।

ये मार्ग भारी वाहनों के लिए प्रतिबंधित

- करतला के पास से भारी वाहन उरगा की ओर नहीं आ सकेंगीं।
- चांपा से आने वाली गाड़ियां सरगबुंदिया स्कूल से आगे नहीं बढ़ेंगीं।
- बिलासपुर की ओर से आने वाली गाड़ियों को कनकी में रोका जाएगा।
- कुसमुंडा भुट्टा चौक से आगे नहीं बढ़ेंगीं कोयला लोड गाड़ियां।
- कुसमुंडा खदान में गेट नंबर-4 रहेगा बंद।
- सुराकछार-पाली-कटघोरा बायपास प्रतिबंधित।
- ताराघाटी के पास से कोरबा जिले में दाखिल नहीं होंगी भारी गाड़ियां।
- गोढ़ी से लेकर दर्री बरॉज तक भारी गाड़ियों का प्रवेश प्रतिबंधित।

सरकारी गेस्ट हाउस बुक, निजी होटलों में भी जगह नहीं

यात्रा में प्रदेश कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता भी चल रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी यात्रा में शामिल होने कोरबा पहुंच रहे हैं। वे सीएसईबी के वीआईपी गेस्ट हाउस में ठहरेंगे। उनके साथ-साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सहित अन्य नेता भी कोरबा पहुंच रहे हैं। उन्हें भी ठहराया गया है। इसके अलावा सुरक्षा एजेंसियों के जवानों का भी कोरबा आना शुरू हो गया है।

यह भी पढ़े: महतारी वंदन योजना के लिए आवेदकों की उमड़ी भीड़, अब तक 35 लाख से अधिक लोगों ने किया आवेदन...देखिए आकड़ें