
Korba News: घर में परिजन से विवाद होने पर युवती आत्महत्या करने की नियत से पानी टंकी के ऊपर चढ़ गई। कुछ लोगों ने हिम्मत कर उसके पीछे पहुंचकर उसे बचाकर नीचे उतारा।
जानकारी के मुताबिक, नगर पंचायत पाली के नया बस स्टैंड टावर मोहल्ले निवासी एक युवती सोमवार को सुबह करीब 11.30 बजे पानी टंकी पर चढ़ गई। इसकी जानकारी होने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
बताया गया कि उक्त युवती परिजनों से किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद आत्महत्या की नियत से पानी टंकी पर चढ़ गई। किसी ने इसकी सूचना पाली पुलिस को दे दी। थाना प्रभारी विनोद सिंह ठाकुर सदल बल मौके पर पहुंचे। उन्होंने एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड से मदद मांगी।
साथ ही उच्च अधिकारियों को इससे अवगत कराया। इस बीच युवती को नीचे उतारने का प्रयास किया जाता रहा। लगभग 1 घंटे बाद कुछ सेवाभावी युवकों ने धीरे-धीरे पानी टंकी पर चढ़कर युवती को पकड़ लिया। लगभग एक डेढ़ घंटे तक टंकी के ऊपर में ही युवती को समझाया बुझाया गया तब कहीं जाकर वह नीचे आने के लिए तैयार हुई। मौके पर तैनात 108 के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति सामान्य है।
Updated on:
18 Feb 2025, 12:45 PM IST
Published on:
18 Feb 2025, 12:45 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.