
Korba News(photo-patrika)
Korba News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के रजगामार इलाके में उस समय सनसनी फैल गई, जब सुआपहाड़ के घने जंगल में एक पेड़ से लटका नर कंकाल मिला। बुधवार सुबह जंगल की ओर गए ग्रामीणों की नजर जब पेड़ पर लटके कंकाल पर पड़ी तो इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तत्काल रजगामार चौकी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी विनोद सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई। बताया जा रहा है कि जहां कंकाल मिला, वह स्थान पहाड़ी और बेहद दुर्गम क्षेत्र है। यह जगह मुख्य मार्ग से करीब 25 किलोमीटर अंदर घने जंगल में स्थित है, जहां सामान्य लोगों का आना-जाना बहुत कम रहता है।
पुलिस जांच के दौरान मौके से कुछ कपड़े और व्यक्तिगत सामान बरामद किए गए। इन्हीं के आधार पर परिजनों ने मृतक की पहचान दरगा निवासी मान सिंह (45) के रूप में की। मान सिंह पेशे से किसान थे और खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिजनों के मुताबिक, होली के बाद से ही मान सिंह अचानक घर से लापता हो गए थे। पहले परिवार ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। काफी खोजबीन के बाद परिवार ने रजगामार चौकी में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
करीब दो महीने तक कोई सुराग नहीं मिलने के बाद अब जंगल में नर कंकाल मिलने से परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के बीच भी इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। इलाके में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुआपहाड़ जंगल काफी सुनसान और घना क्षेत्र है। ऐसे में वहां किसी व्यक्ति का पहुंचना और फिर इस तरह कंकाल का मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है।
पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर कंकाल को पेड़ से नीचे उतरवाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।
रजगामार चौकी प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन अभी जांच जारी है। उन्होंने कहा कि यह पता लगाया जा रहा है कि मान सिंह जंगल तक कैसे पहुंचे और किन परिस्थितियों में उनकी मौत हुई। पुलिस अब मृतक के मोबाइल रिकॉर्ड, पारिवारिक परिस्थितियों और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है, ताकि घटना से जुड़े हर पहलू को स्पष्ट किया जा सके।
Updated on:
13 May 2026 05:00 pm
Published on:
13 May 2026 05:00 pm
