
Murder Case: पति-पत्नी के बीच चल रहा आपसी विवाद पत्नी की मौत का कारण बन गया। पति ने गला घोंटकर पत्नी को मार डाला। घटना के बाद से महिला का पति अपने तीन माह के बच्चे को छोड़कर फरार है जबकि बड़े बेटे को साथ ले गया है।
घटना कोतवाली थानांतर्गत रामसागरपारा की बताई जा रही है। यहां दुर्गा सिंह राजपूत उम्र 20 वर्ष अपने पति राजकुमार यादव के साथ रहती थी। बताया जाता है कि रविवार दोपहर को पति-पत्नी और उनके बच्चे घर में थे। इसी बीच किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ।
पति ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना के बाद से राजकुमार फरार है, वह अपने बड़े बेटे को भी साथ ले गया है जिसकी उम्र लगभग 2 साल बताई जा रही है। जिस समय यह घटना हुई उस समय दुर्गा की मां घर में मौजूद नहीं थी। वह किन्नर की टोली में गाने-बजाने गई थी। घर में दंपती और उनके बच्चे मौजूद थे।
कमरे से बच्चे के रोने की आवाज आ रही थी। काफी देर तक जब बच्चा चुप नहीं हुआ तब आसपास के लोगों की नजर पड़ी। उन्होंने घर के बाहर स्थित दरवाजा को खटखटाया लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। लोगों को अनहोनी की आशंका हुई और आसपास के लोग राजकुमार के घर के बाहर एकत्र हुए। लोगों ने दरवाजा तोड़कर घर के भीतर प्रवेश किया। उन्होंने दुर्गा को घर के भीतर मृत अवस्था में देखा। पास में बिस्तर पर बच्ची रो रही थी। जिसकी जानकारी मिलते ही लोग बड़ी संख्या में दुर्गा के घर के बाहर एकत्र हो गए।
घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मामले की छानबीन के लिए पुलिस मौके पर पहुंची। सूचना मिलने पर दुर्गा की मां भी घर लौटी। पुलिस केस दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है।
पड़ोस में रहने वाले दुर्गा के चचेरे भाई ने बताया कि पति-पत्नी के बीच हमेशा लड़ाई-झगड़ा होता था। दरवाजा बंद कर दोनों एक-दूसरे से झगड़ा करते थे। उनके बीच संबंध ठीक नहीं थे।
बताया जाता है कि दुर्गा सोशल मीडिया के जरिए राजकुमार यादव के संपर्क में आई थी। दोनों ने बाद में शादी कर ली थी। राजकुमार शारदा विहार स्थित एक कारोबारी के यहां काम करता है। घटना के बाद से पुलिस राजकुामर की पतासाजी कर रही है। राज अपनी पत्नी का मोबाइल भी साथ ले गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
Updated on:
14 Apr 2025 04:39 pm
Published on:
14 Apr 2025 04:39 pm
