
सामान्य ज्ञान का परचा देख परीक्षार्थी उलझे, विषय से जुड़े सवालों में ली राहत की सांस...
कोरबा.शिक्षक बनने के लिए प्री बीएड व प्री डीएलएड की परीक्षा गुरुवार को शहर में आयोजित की गयी। परीक्षा में कई दिलचस्प सवाल भी परीक्षार्थियों से पूछे गए। परीक्षार्थियों की मानें तो सामान्य ज्ञान का पर्चा उन्हें थोड़ा कठिन लगा और वे इस पर्चे के कई घुमावदार सवालों में फंस गए जबकि विषय से जुड़े सवालों को देख परीक्षार्थियों ने राहत की सांस ली।
परीक्षा में पूछा गया था कि गांधी प्लान किससे संबंधित है ? इसके अलावा यह भी पूछा गया कि वर्ष 2018 में विश्व का सबसे खुश देश कौन सा है और किसे राष्ट्र का निर्माता कहा जाता है। सिकलसेल रोग किसके द्वारा होता है ? प्रभावशाली शिक्षक किन मानकों को अपनाता है? आदि सहित अन्य सवाल प्रीबीएड की परीक्षा में परीक्षार्थियों से पूछे गए। जिले के पांच परीक्षा केन्द्रों में बीएड की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से हुई। पहली पाली में आयोजित बीएड की परीक्षा से 229 अभ्यर्थी गैर हाजिर रहे । इसी प्रकार प्री डीएलएड के लिए चार केन्द्र बनाए गए थे। और इसमें २४६ परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ व्यवसायिक परीक्षा मंडल(व्यापम) रायपुर द्वारा आयोजित प्रीबीएड की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक हुई। बीएड की परीक्षा के लिए जिले में पांच परीक्षा केन्द्र पीजी कॉलेज, शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय, आईटी कॉलेज, श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय व शासकीय उमावि मिशन रोड कोरबा थे। द्वितीय पाली में डीएलएड की परीक्षा 2 बजे से 4:15 बजे तक हुई। डीएलएड की परीक्षा के लिए चार परीक्षा केन्द्र बनाए गए थे। परीक्षा को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने अपनी ओर पूर्ण तैयारी कर ली थी। उडऩदस्ता दल की टीम परीक्षा केन्द्रों में औचक निरीक्षण भी किया। प्रशासन के अनुसार परीक्षाएं शांतिपूर्ण रहीं।
Updated on:
7 Jun 2018, 10:05 PM IST
Published on:
7 Jun 2018, 10:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.