
कोरबा आ रही शिव सर्विस की बस सड़क किनारे खड़ी ट्रेलर से टकराई , 10 यात्री घायल, दो गंभीर
कोरबा/पाली. बिलासपुर से पाली के रास्ते यात्रियों को लेकर कोरबा आ रही शिव सर्विस की बस सड़क किनारे खड़ी ट्रेलर से टकरा गई। १० यात्री घायल हो गए। दो को गंभीर चोटें आई है। उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद सिम्स रेफर किया गया है। घटना गुरुवार शाम ५.३० बजे की है। शिव सर्विस की बस यात्रियों को बिलासपुर से लेकर पाली के रास्ते कोरबा आ रही थी। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या १११ पर पाली और रतनपुर थाना की सीमा पर ग्राम बगदेवा के पास सड़क किनारे खड़ी ट्रेलर से टकरा गई। बस की केबिन में बैठे १० यात्री घायल हो गए।
घायलों को एम्बुलेंस से पाली के सरकारी अस्पातल पहुंचाया गया। इसमें जवाहर प्रसाद बंजारा ५५, बिपिन मिंज ३२, उर्मिला बाई ४८, मीना ३३, रविशंकर ३३, इन्द्रपाल २५, ममता २५, पप्पू २८, मिथलेश ३५ और बलवंत सिंह ३५ शामिल हैं। इसमें मिथलेश और बलवंत की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों मुंगेली के निवासी हैं। पाली में प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद बस का चालक फरार हो गया। सूचना पर स्थानीय लोग की भीड़ जमा हो गई थी।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि ब्रेक डाउन होने से ट्रेलर सड़क किनारे पहले से खड़ी थी। इस बीच पीछे से शिव बस आ गई। बस की साइड में सड़क किनारे गड्ढा था। चालक ने बस को दूसरी ओर मोड़ दिया। इस बीच गाड़ी से चालक का संतुलन हट गया। गाड़ी ट्रेलर से टकरा गई। घटना में उन यात्रियों को सबसे अधिक चोटें आई है, जो बस की केबिन में बैठे थे। पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना रतनपुर थाना को दी गई है। बगदेवा रतनपुर थाना के अधीन स्थित है। लेकिन पाली से घटना स्थल बगदेवा नजदीक है। इससे घायलों को पाली के अस्पताल में भर्ती किया गया है।
Published on:
27 Jul 2018, 10:46 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.