बैकुंठपुर। बैकुंठपुर तहसीलदार के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम शनिवार रात को गिरजापुर धान खरीदी केंद्र में छापामार कार्रवाई करने पहुंची। इस दौरान समिति के चार कर्मचारी के घर से करीब १६२०० बारदाना बरामद हुआ है। मामले का हिसाब-किताब करने पर जब्त बारदाने में भरे गए धान की कीमत १.६२ करोड़ होने का अनुमान लगाया गया है। इधर समर्थन मूल्य पर धान खरीदी करने 31 जनवरी अंतिम तिथि निर्धारित है।
जानकारी के अनुसार गिरजापुर खरीदी केंद्र में बड़े पैमानें पर सिर्फ कागजों में फर्जी तरीके से धान खरीदी की तैयारी करने की शिकायत मिली थी। मामले में कलक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर तहसीलदार बैकुंठपुर मनहरण सिंह राठिया के नेतृत्व में टीम गठित कर गिरजापुर धान खरीदी केंद्र में छापामार कार्यवाही करने भेजी। जिसमें हल्का पटवारी गिरजापुर योगेश गुप्ता, संजय सूर्यवंशी, रानू कुर्रे, शकुंतला सिंह शामिल थे। इस दौरान उपार्जन केंद्र के चार कर्मचारियों के घर से 162०० बारदाना बरामद हुआ है। समिति स्टाफ उमेश देवांगन के घर से 7000 बारदाना, दिनेश कुशवाहा के घर से 2000 बारदाना, ईश्वर साहू के घर से 7000 बारदाना व उमेश कुशवाहा के घर से 200 बारदाना मिला है। प्रशासनिक टीम की जांच दूसरी दिन भी चल रही है। मामले में तहसीलदार द्वारा पंचनामा बनाकर प्रतिवेदन कार्यवाही के लिए भेजा गया है।