1 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अपनी ही शहर सरकार के विरोध में खड़े हुए तो कांग्रेस में शामिल महापौर ने दी ये नसीहत

कांग्रेस कमेटी ने हल्दीबाड़ी चौक पर किया एक दिवसीय धरना प्रदर्शन, हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए थे चिरमिरी महापौर

3 min read
Google source verification
Mayor

Chirimiri Mayor

चिरिमिरी. शहर की जर्जर सड़कों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने गुरुवार को एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर विरोध जताया। इस दौरान नगर निगम के खिलाफ जमकर नारे लगाए और जर्जर सड़क की मरम्मत व पेयजल आपूर्ति की पर्याप्त व्यवस्था करने की गुहार लगाई। इस दौरान महापौर ने कहा कि यदि मेरा कांग्रेस में आना पार्टी के कुछ लोगों को अच्छा नहीं लग रहा है तो वे सीधे मुझसे कहें। वहीं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने कहा कि यह आपसी मामला है। मैं इसपर ज्यादा नहीं बोलना चाहता।

नगर निगम के पूर्व नेता प्रतिपक्ष मो. इमाम के नेतृत्व में निगम प्रशासन के विरोध में प्रदर्शन किया गया। इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी से टिकट को लेकर चुनाव मैदान में अपनी दावेदारी पक्की करने की कोशिश में लगे पदाधिकारियों ने अपनी ही पार्टी के महापौर की शहर सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतर गए।

ब्लाक कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अनिमेश सिंह ने महापौर और शहर सरकार को जर्जर सड़कों के लिए जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय अपने को गरीब का बेटा बता कर शहर की जनता को धोखा दिया है। केवल कमिशन लेने के चक्कर में शहर की मूलभूत सुविधाओं को दर किनार कर रहे हैं। केवल अपनी जेब भरने का काम तीन वर्षो में किया है।

पीसीसी सदस्य अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि शहर सरकार तीन वर्षो के कार्यकाल में केवल अपने खास लोगों को लखपति बना दिया है। मोटर साइकिल से चलने वाले लोग चार पहिया वाहनों में दिखाई देते हैं। यही शहर सरकार के विकास कार्य हैं, जो किसी से छिपी नहीं है।

उन्होंने क्षेत्र के विधायक को अड़े हाथों लेते हुए तीन महीने में शहर को तहसील का दर्जा दिलाने का वादा किया था। हाल ही में राज्य के मुखिया का मनेंद्रगढ़ आगमन हुआ था। लेकिन शहर की जनता को लालीपाप दे दिया गया है। पूर्व पार्षद प्रेम शंकर सोनी ने शहर सरकार को उखाड़ फेंकने की बात कही।

उन्होंने कहा कि पूरा शहर पेयजल की समस्या से जूझ रहा है और महापौर एसी का मजा ले रहे हैं। चिकित्सा प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष डॉ विनय जायसवाल ने शहर सरकार को इस्तीफा देने की मांग की है। पूर्व नेता प्रतिपक्ष मो इमाम ने कोरबा सासंद को लापता होने की बात कहकर पुलिस से खोजने की गुहार लगाई है।

इस अवसर पर विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश सिंह, पार्षद राजीव रत्न पाण्डेय, सुमित्रा विश्वकर्मा, शांति बाई सहित ब्लाक कांग्रेस चिरमिरी, खडग़वा, मनेंद्रगढ़ के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।


मेरा कांग्रेस में आना अच्छा नहीं लगा तो सीधे मुझसे कहें
जानकारी के अनुसार नगर निगम चिरिमिरी के महापौर के डोमरु रेड्डी हाल ही में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। वहीं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने शहर की जर्जर सड़क को लेकर अपनी पार्टी की शहर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया है।

मामले में महापौर के डोमरु रेड्डी का कहना है कि ये जो एक दिवसीय धरना प्रदर्शन हुआ है, उसका हम स्वागत करते हंै। चूंकि हमारी पार्टी द्वारा प्रदर्शन किया गया, यह बात भी अच्छी लगी। अगर हमसे कही पर कोई गलती हो रही है तो बिलकुल हमारी पार्टी के लोग उसका विरोध कर सकते हैं और हमें सही रास्ता दिखा सकते हैं। लेकिन धरना प्रदर्शन से पहले हमारे पदाधिकारियों को एक बार आपस में बात करनी चाहिए थी।

रही बात जर्जर सड़क की तो यह मामला लगभग एक वर्ष से न्यायालय में विचारधीन था। इस विरोध प्रदर्शन में केवल एक बात कहने योग्य है कि अगर मेरी अपनी पार्टी में वापस आना किसी को अच्छा नहीं लग रहा है तो वह मुझसे स्वयं आकर कह सकता है।


ये आपसी मामला है
ये जो विरोध प्रदर्शन हो रहा है। उसके आयोजनकर्ताओं द्वारा विश्वास में लेकर नहीं किया गया है और इस परंपरा को मेरे द्वारा जल्द ही खत्म किया जाएगा। कोई बिना स्पष्ट जानकारी के पार्टी के बैनर तले नहीं कर सकता है। इस विषय में ज्यादा नहीं बोलुंगा, ये आपसी मामला है।
सुभाष कश्यप, ब्लाक अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी चिरिमिरी


यह कांग्रेस की नीति
यह कांग्रेस की नीति है, जिन्होंने 60 साल में एक कदम विकास की ओर नहीं सोचा, उसे विकास कभी नहीं दिखेगा। शहर की जर्जर सड़कों का मामला न्यायालय में विचाराधीन था। जिसका फैसला आ गया है। जल्द ही जर्जर सड़कों का काम शुरू हो जाएगा।
श्याम बिहारी जायसवाल, स्थानीय विधायक

बड़ी खबरें

View All

कोरीया

छत्तीसगढ़

ट्रेंडिंग