
dead dog
बैकुंठपुर. Dog attack: शहर से लगे शासकीय अंग्रेजी शराब दुकान के पीछे संचालित ईंट भट्ठे में शुक्रवार की सुबह 5 साल की एक मासूम बालिका पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। कुत्तों ने उसे जबड़ें में दबाकर कई बार घसीटा, इससे मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। बालिका दुकान से बिस्किट खरीदकर ईंट-भट्ठे की ओर लौट रही थी, इसी दौरान यह हादसा हुआ। इस घटना से बालिका के माता-पिता सदमे में हैं। लहूलुहान हालत में मृत बालिका को जिला अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टरों ने पीएम पश्चात शव उसके परिजनों को सौंप दिया। इस घटना ने 2 महीने पूर्व हैदराबाद में एक कॉलोनी के बाहर कुत्तों के झूंड द्वारा 4 वर्षीय मासूम को मार डालने की याद ताजा कर दी है।
कोरिया जिले के बैकुंठपुर कोतवाली अंतर्गत ग्राम पंचायत तलवापारा में शासकीय शराब दुकान के पास ईंट-भट्ठा संचालित है। इसमें सरगुजा के सीतापुर से ईंट बनाने मजदूर अपने परिवार सहित आए हैं। परिवार कई महीनों से ईंट बनाने का कार्य कर रहा है।
इसी बीच मजदूर अजय मांझी की 5 साल की पुत्री सुकांति मांझी शुक्रवार की सुबह करीब ७ बजे शासकीय शराब दुकान के पास ठेले में बिस्किट लेने गई थी। इस दौरान ईंट-भट्ठा परिसर में लौटते समय अचानक आवारा कुत्तों के झुंड ने बच्ची पर हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि कुत्तों के झुंड ने बच्ची को आसपास घसीटा और नोंच-नोंच कर लहूलुहान कर दिया। इससे मासूम की मौके पर मौत हो गई। बच्ची को मृत अवस्था में जिला अस्पताल ले जाया गया।
घटना स्थल पर जुटी भीड़ से बहसबाजी करने का आरोप
ऐसी चर्चा है कि घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ पहुंची और कुछ लोग फोटो-वीडियो बनाने लगे। इस दौरान ईंट भ_ा संचालक पर भीड़ से बहसबाजी करने का आरोप लगाया गया है।
मामले में स्थानीय ग्रामीणों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और परिवार से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर विवेचना में लिया है।
बच्ची के शरीर पर जगह-जगह मिले निशान
दोपहर करीब 12.30 बजे साढ़े पांच साल की बच्ची को मृत अवस्था में लाया गया। परिजनों ने बताया कि बच्ची की आवारा कुत्तों के झुंड के हमले में मौत हुई है। बच्ची के शरीर में जगह-जगह निशान थे। मामले में हमने पुलिस को प्रतिवेदन भेजकर शव का पीएम कराया।
डॉ अभिषेक गढ़ेवाल, एमओ जिला अस्पताल बैकुंठपुर
Published on:
07 Apr 2023 06:13 pm
बड़ी खबरें
View Allकोरीया
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
