कोटा. अनन्तपुरा थाना क्षेत्र के विनोभावे नगर में मंगलवार सुबह बदमाश एक धर्मशाला के बाहर पार्किंग में खड़ी कार में रखा रुपयों और जेवरात से भरा बैग निकाल कर ले गए। बैग में 17 तोला सोने के आभूषण और एक लाख रुपए थे। कार मालिक इंदौर निवासी व्यक्ति अपनी भतीजी की शादी समारोह में शामिल होने आया था। सीसीटीवी कैमरे में दो संदिग्ध व्यक्ति नजर आ रहे हैं। पुलिस ने मौका मुआयना कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अनुसंधान शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार इंदौर के अहिल्या नगर निवासी पीयूष गुप्ता परिवार के साथ सोमवार को कार से कोटा में उसकी भजीती की शादी में शामिल होने आया था। मंगलवार सुबह धर्मशाला परिसर में आयोजित लग्न समारोह के दौरान बाहर मुख्य द्वार के पास पार्किंग स्थल पर कार खड़ी की थी। कार की आगे की सीट पर रुपए और जेवरात से भरा बैग रखा था तथा कार लॉक थी। 11 बजे करीब बदमाशों ने कार का शीश तोडकऱ बैग उड़ा लिया और चम्पत हो गए। पीयूष गुप्ता के अनुसार कार में 17 तोला सोने के आभूषण व एक लाख रुपए थे। उधर एक मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में दो संदिग्ध व्यक्ति नजर आए हैं। इनके फुटेज लिए गए हैं। अनन्तपुरा थानाधिकारी ब्रजबाला ने बताया कि फरियादी की रिपोर्ट पर मौका मुआयना किया है। अनुसंधान कर सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहा है।