
कोटा. मध्यप्रदेश सहित राजस्थान के हाड़ौती सम्भाग में लगातार बारिश के चलते नदी नालों में पानी की भारी आवक शुरू हो गई। मध्यप्रदेश के इंदौर व उज्जैन एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार बारिश से गांधीसागर में 5 लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी की आवक हो रही है। गांधीसागर का जलस्तर शाम 4.30 बजे तक 1303.19 फीट हो गया।
कोटा सम्भाग में बारिश के चलते चम्बल में पानी की आवक होने से कोटा बैराज के 2 गेट खोलकर 7598 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है। कोटा शहर में सुबह डेढ़ घंटे जोरदार बारिश हुई। इसके बाद दिन में लगातार रूक-रूक कर बारिश का दौर जारी है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में कोटा व उदयपुर सम्भाग में अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पश्चिम मध्यप्रदेश में लो प्रेशर एरिया बना हुआ होने से बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगा।
अब मौसम विभाग की चेतावनी से किसानों की चिंता को बढ़ा दिया है। सम्भाग में कुछ स्थानों पर सोयाबीन की फसल पककर तैयार हो गई है और एक सप्ताह में कटाई शुरू हो जाएगी।
Published on:
16 Sept 2023 06:11 pm
