
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (Photo IANS)
सीबीएसई ने 12वीं बोर्ड के विद्यार्थियों के लिए सिंगल-सब्जेक्ट परफॉर्मेंस इंप्रूवमेंट/सप्लीमेंट्री परीक्षा का आयोजन 15 जुलाई को एक ही दिन में करने का निर्णय लिया है। यह परीक्षा उन विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जो 12वीं बोर्ड में 75 प्रतिशत अंक पात्रता से मामूली अंतर से चूक गए हैं और आइआइटी,एनआइटी, ट्रिपल आइटी संस्थानों जैसे संस्थानों में प्रवेश लेना चाहते हैं।
एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया कि 15 जुलाई को आयोजित होने वाली इस परीक्षा में तीन श्रेणी के विद्यार्थी शामिल हो सकेंगे। पहली श्रेणी में वे विद्यार्थी होंगे, जिन्होंने सीबीएसई 12वीं बोर्ड-2026 परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है, लेकिन किसी एक विषय में अपने अंक सुधारना चाहते हैं। यह विकल्प केवल एक विषय के लिए ही मान्य होगा।
दूसरी श्रेणी में वे विद्यार्थी शामिल होंगे, जिन्हें 12वीं बोर्ड-2026 परीक्षा में कंपार्टमेंट श्रेणी में घोषित किया गया है। वहीं तीसरी श्रेणी में 12वीं बोर्ड-2025 के वे विद्यार्थी होंगे, जो कंपार्टमेंट श्रेणी में घोषित हुए थे और उत्तीर्ण होने के लिए अंतिम अवसर का उपयोग करना चाहते हैं।
शर्मा ने बताया कि परीक्षा परिणाम से असंतुष्ट विद्यार्थियों के लिए पोस्ट रिजल्ट एक्टिविटीज का प्रारंभ 18 मई से किया जाएगा। इसमें री-चेकिंग और री-टोटलिंग जैसी प्रक्रियाएं शामिल रहेंगी। सीबीएसई की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, फिजिक्स में केवल 96 विद्यार्थियों ने 100 में से 100 अंक प्राप्त किए हैं। जबकि अन्य विषयों में यह संख्या कहीं अधिक रही।
विषयवार परफेक्ट स्कोर प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की संख्या
फिजिक्स-96
केमिस्ट्री-1061
मैथमेटिक्स-1283
बायोलॉजी-1343
संबंधित विषय:
Updated on:
14 May 2026 07:22 pm
Published on:
14 May 2026 07:22 pm
