7 मार्च 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान में बनेगा एक और नया एयरपोर्ट : लोकसभा अध्यक्ष, सीएम भजनलाल शर्मा और केन्द्रीय उड्डयन मंत्री ने किया शिलान्यास

Kota-Bundi Greenfield Airport: कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजना का शनिवार को शिलान्यास होने के साथ ही हाड़ौती क्षेत्र की दो दशक पुरानी मांग पूरी होने की दिशा में बड़ा कदम उठ गया।

2 min read
Google source verification

कोटा

image

Rakesh Mishra

Mar 07, 2026

Kota Bundi Greenfield Airport, Kota Airport Foundation Stone, Hadoti Region Development, Rajasthan New Airport Project, Kota Airport News, Bhajanlal Sharma Kota Event, Om Birla Kota Airport, Ram Mohan Naidu Aviation Minister, Narendra Modi Virtual Address, Rajasthan Infrastructure Development, Kota Air Connectivity Project, Greenfield Airport Rajasthan, Kota Tourism and Industry Growth, Rajasthan Aviation Expansion, Kota Bundi Airport Project 2027

कोटा-बूंदी ग्रीनफिल्ड एयरपोर्ट का भूमि पूजन करते लोकसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री व नागरिक उड्डयन मंत्री। फोटो- पत्रिका

कोटा। शिक्षा नगरी कोटा के एयरपोर्ट की दो दशक पुरानी आस शनिवार को पूरी हो गई। कोटा बेहतर रेल और रोड नेटवर्क के साथ अब एयर कनेक्टिविटी से भी जुड़ने वाला है। शहर के विकास और उम्मीदों को नए पंख लगने जा रहे हैं। बहुप्रतीक्षित कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का भूमि पूजन और शिलान्यास शनिवार को शंभूपुरा में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने किया।

अगले वर्ष दिसंबर 2027 में एयरपोर्ट से उड़ान शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। करीब 1500 करोड़ रुपए की लागत से बनने जा रहा यह एयरपोर्ट आने वाले समय में हाड़ौती के विकास को नई गति देगा। क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार, उद्योग और शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाएं खुलेंगी और यह क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।

कोटा से वादा किया था : पीएम मोदी

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअल संबोधन में कहा कि पिछले दिनों वे अजमेर गए थे, जहां हजारों करोड़ रुपए के विकास प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया। आज उन्हें कोटा से जुड़े इस महत्वपूर्ण एयरपोर्ट प्रोजेक्ट को शुरू करने का अवसर मिला है। एक ही सप्ताह में राजस्थान के इन दो बड़े कार्यों की शुरुआत इस बात का संकेत है कि राजस्थान तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है।

आज का दिन पूरे हाड़ौती क्षेत्र के लिए नई आशा और उपलब्धि का दिन है। उन्होंने कहा कि नवंबर 2023 में जब वे कोटा आए थे, तब उन्होंने जनता से वादा किया था कि कोटा का एयरपोर्ट केवल सपना बनकर नहीं रहेगा, बल्कि उसे साकार किया जाएगा। आज वही क्षण आ गया है, जब कोटा एयरपोर्ट का निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है।

विकास की नई इबारत लिखेंगे: बिरला

शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि कोटा एयरपोर्ट के निर्माण में कई बाधाएं आईं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज हाड़ौती को बड़ी सौगात मिली है।

उन्होंने कहा कि कोटा में इंडस्ट्रीज लाने के लिए वे कई बार उद्यमियों से मिले, लेकिन एयरपोर्ट नहीं होने के कारण वे पीछे हट जाते थे। वर्ष 2027 में एयरपोर्ट बनने के बाद कोटा विकास की नई इबारत लिखेगा। इंडस्ट्रीज आने के साथ ही आईटी सेक्टर भी कोटा में विकसित होगा और पर्यटन क्षेत्र में नए आयाम विकसित होंगे।

बड़ा औद्योगिक केन्द्र बनेगा : सीएम

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि कोटा रेल और सड़क के साथ अब एयर से भी जुड़ने जा रहा है। यहां पानी प्रचुर मात्रा में है और आने वाले समय में कोटा शिक्षा के साथ उद्यम के क्षेत्र में भी अग्रणी रहेगा। देश के कोने-कोने से लोग कोटा पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के निर्देशन में सरकार लगातार काम कर रही है। राइजिंग राजस्थान के तहत 35 लाख करोड़ रुपए के एमओयू किए गए, जिनमें से 8 लाख करोड़ रुपए के एमओयू धरातल पर उतारे जा चुके हैं। इससे 3 लाख युवाओं को रोजगार मिला है।

हर 45 दिन में खुल रहा नया एयरपोर्ट : केंद्रीय मंत्री नायडू

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने कहा कि एयरपोर्ट बनने के बाद कोटा की रेल और सड़क के साथ एयर कनेक्टिविटी भी पूरे देश से हो जाएगी। ऐसा लग रहा है मानो कोटा पूरे देश से कह रहा हो-पधारो सा…। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन से देश में हर 45 दिन में एक नया एयरपोर्ट खुल रहा है। उन्होंने कहा कि करीब 440 हेक्टेयर क्षेत्रफल में 3200 मीटर लंबे रनवे के साथ 1507 करोड़ रुपए की लागत से नए कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का निर्माण किया जा रहा है।

बड़ी खबरें

View All

कोटा

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग