कोटा। राजस्थान में कोटा जिले की सांगोद विधानसभा सीट से कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक भरत सिंह कुंदनपुर ने खान मंत्री प्रमोद जैन भाया के कथित भ्रष्टाचार और उसके प्रति मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अनदेखी के खिलाफ मंगलवार को यहां मुंडन कराया।
सिंह ने चंबल रिवर फ्रंट एवं सिटी पार्क के लोकार्पण के अवसर पर गहलोत के कोटा आगमन पर जैन और गहलोत के खिलाफ कोटा में गुमानपुरा स्थित अपने आवास ‘भीम निवास’ पर आज तीसरे पहर उस समय प्रदर्शन करने और भ्रष्टाचार के प्रतीक स्वरूप रावण के पुतला दहन करने के कार्यक्रम की घोषणा की थी। जब मुख्यमंत्री चंबल रिवर फ़्रंट का उद्घाटन करने के लिए आएंगे, लेकिन मुख्यमंत्री के आने का कार्यक्रम रद्द होने के बाद सिंह ने अपना मुंडन संस्कार करवा लिया।
सिंह ने मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए कहा कि आपका ‘ईमान मर जाने पर’ मैं मुंडन करवा कर अपने केश आपको भेंट कर रहा हूं। कृपया यह तुच्छ भेंट स्वीकार करें एवं महात्मा गांधी को याद कर उनके बताएं सात पाप पर चिंतन करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद स्थाई नहीं होता है।