
इस दिग्गज राजनेता ने स्वीकारा, अब हिंदू-मुस्लिम नहीं रोजी-रोटी है असली मुद्दा, धार्मिक भावनाएं भड़काई तो...
कोटा. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव त्यागी ने रविवार को कोटा में भाजपा के हिंदुत्व एजेण्डे को लेकर कहा, जनता यह समझ चुकी है कि हिंदू-मुस्लिम की बात वास्तविक मुद्दों से भटकाने के लिए की जाती है। अब हिंदू-मुस्लिम नहीं असली मुद्दा रोजी-रोटी का है। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में केन्द्र और राज्य सरकार विफल रही है। ऐसे में धार्मिक भावनाओं को भड़काकर अब वोट नहीं लिए जा सकते। उन्होंने कहा, राजस्थान में किसान बदहाली के कगार पर पहुंच गया। उससे कृषि विकास दर तेजी से गिरी है। नोटबंदी का भी कृषि क्षेत्र पर बुरा असर पड़ा है।
उन्होंने दावा किया कि पांच साल में राजस्थान में 100 किसानों ने आत्महत्या की। इनमें सबसे ज्यादा संख्या हाड़ौती के किसानों की है। सीएजी की रिपोर्ट के अनुसार सरकार वर्ष 2014 से 2017 तक कृषि की विभिन्न योजनाओं में किसानों के महत्वपूर्ण कार्यों पर 1295 करोड़ रुपए खर्च नहीं कर पाई।
उन्होंने कहा, भाजपा ने सत्ता में आने से पहले प्रदेश में 15 लाख युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था, जो जुमला साबित हुआ। राजस्थान में बेरोजगारी की दर 13.7 प्रतिशत है। ऐसे में जनता किसी भावना में बहकर अनुचित मुद्दे से क्यों प्रभावित होगी। मोदी और योगी जनता का ध्यान असली मुद्दों से हाटाना चाहते हैं। कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री पंकज मेहता, प्रवक्ता अनूप ठाकुर और शहर अध्यक्ष रविन्द्र त्यागी ने स्थानीय मुद्दों को लेकर भाजपा पर प्रहार किया।
Published on:
02 Dec 2018 10:37 pm
