
RAC जवान संतोष मेरोठा की फाइल फोटो: पत्रिका
RAC Jawan Santosh Merotha Death: कोटा शहर में एक RAC जवान की अचानक मौत से परिवार में मातम छा गया। हनुमान बस्ती निवासी 40 साल के संतोष मेरोठा ने निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। संतोष की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। उनकी 6 साल की बेटी है। पिता की मौत से मासूम के सिर से पिता का साया उठ गया।
संतोष साल 2008 बैच के RAC कांस्टेबल थे और सेकेंड RAC की डी कंपनी में तैनात थे। करीब 1 महीने पहले ही उनका टोंक से कोटा ट्रासंफर हुआ था। टोंक में ड्यूटी पूरी करने के बाद उन्होंने कोटा में नई तैनाती संभाली थी। परिवार को भी उम्मीद थी कि नई पोस्टिंग के साथ सब कुछ सामान्य रहेगा लेकिन अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने से हालात बदल गए। नई जगह ड्यूटी शुरू करने के कुछ ही समय बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई जिसके बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार 7 अगस्त को संतोष को अचानक सांस लेने में परेशानी हुई। इसके बाद उन्हें झालावाड़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था। करीब 3 दिन तक उपचार के बाद रविवार देर रात उनकी हालत ज्यादा बिगड़ गई और अलसुबह उनकी मौत हो गई।
संतोष के बड़े भाई ने बताया कि 'कुछ समय से उनकी तबीयत ठीक नहीं चल रही थी। सांस लेने में परेशानी के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया था। परिवार को उम्मीद थी कि इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार होगा लेकिन अचानक उनकी मौत की खबर से सभी सदमे में हैं। प्रारंभिक तौर पर मल्टी ऑर्गन फेल्योर को मौत की संभावित वजह माना जा रहा है हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।'
दादाबाड़ी थाना पुलिस के अनुसार संतोष के बड़े भाई की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की है। पुलिस ने बताया कि परिजनों के अनुसार संतोष की तबीयत कुछ दिनों से खराब थी और लीवर से जुड़ी समस्या भी थी। पुलिस ने मामले से जुड़ी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
Updated on:
10 Aug 2026 03:26 pm
Published on:
10 Aug 2026 03:25 pm
