27 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

राजस्थान की सबसे चौड़ी मुकुन्दरा टनल में आज से मुंबई से दिल्ली का यातायात शुरू, दरा घाटी के जाम से मिलेगी राहत

Rajasthan News: राजस्थान की मुकुन्दरा टनल में सोमवार से मुंबई से दिल्ली दिशा का यातायात शुरू हो गया है जिससे दरा घाटी के जाम से बड़ी राहत मिलेगी और सफर तेज व सुरक्षित होगा। टनल से हाड़ौती क्षेत्र के व्यापार, उद्योग और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
2 min read
Google source verification

कोटा

image

Akshita Deora

Jul 27, 2026

Mukundra Tunnel

मुकुन्दरा टनल का फोटो: पत्रिका

Mumbai-Delhi Expressway: देश के सबसे महत्वाकांक्षी सड़क परियोजनाओं में शुमार मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेस-वे की मुकुन्दरा टनल में सोमवार से मुंबई से दिल्ली की तरफ का यातायात चालू कर दिया है। ये राजस्थान की सबसे चौड़ी टनल है। इससे दरा घाटी में लगने वाले पल-पल के जाम से वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी। वहीं दूसरी ट्यूब का कार्य अंतिम चरण में है इसे भी जल्द शुरू किया जाएगा। टनल शुरू होने से हाड़ौती क्षेत्र को न केवल तेज और सुरक्षित यातायात की सुविधा मिलेगी बल्कि व्यापार, उद्योग और पर्यटन को भी नई गति मिलेगी। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) के इस प्रोजेक्ट से माल परिवहन की लागत और समय दोनों में कमी आएगी। टनल शुरू होने के साथ ही दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का एक और महत्वपूर्ण हिस्सा यातायात के लिए तैयार हो जाएगा।

व्यापार और उद्योगों को मिलेंगे नए अवसर

मुकुन्दरा टनल शुरू होने से हाड़ौती के प्रमुख उत्पादों को देश के बड़े बाजारों तक तेजी से पहुंचाया जा सकेगा। रामगंजमंडी की विश्व प्रसिद्ध धनिया मंडी को सीधा लाभ मिलेगा। वहीं कोटा स्टोन और अन्य पत्थर उद्योग से जुड़े कारोबारियों के लिए दिल्ली, मुंबई और गुजरात तक माल पहुंचाना पहले से अधिक आसान और कम समय में संभव होगा।

दरा घाटी के जाम से मिलेगी राहत

अब तक एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य और डायवर्जन के कारण दरा घाटी क्षेत्र में अक्सर लंबा ट्रैफिक जाम लगता है। टनल शुरू होने के बाद भारी वाहनों का दबाव कम होगा और यातायात अधिक सुगम बनेगा। इससे स्थानीय लोगों के साथ लंबी दूरी तय करने वाले वाहन चालकों को भी राहत मिलेगी।

इन वाहनों की टनल में नो एंट्री

टनल में सुरक्षा कारणों से डीजल, पेट्रोल, एलपीजी, सीएनजी सहित अन्य ज्वलनशील गैस एवं केमिकल लेकर जाने वाले वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। ऐसे वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा। यह व्यवस्था टनल के भीतर आग, विस्फोट या किसी आपात स्थिति के जोखिम को कम करने के उद्देश्य से लागू की गई है।

टनल शुरू होते ही मध्यप्रदेश का सफर होगा निर्बाध

चेचट के पास बनी टनल शुरू होने के बाद वाहन चालक दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के माध्यम से मध्यप्रदेश का पूरा सफर बिना किसी रुकावट के तय कर सकेंगे। वर्तमान में मध्यप्रदेश का अधिकांश हिस्सा एक्सप्रेस-वे से जुड़ चुका है और केवल वडोदरा की ओर कुछ हिस्सों में निर्माण कार्य शेष हैं। टनल शुरू होने से कोटा से निकलने वाले वाहन सीधे मध्यप्रदेश पार कर गुजरात की ओर निर्बाध यात्रा कर सकेंगे। इससे यात्रा का समय घटेगा और लंबी दूरी का सफर अधिक सुविधाजनक होगा।

दूसरी तरफ वाले जल्द शुरू होगी

सोमवार से मुंबई से दिल्ली की ओर जाने वाली टनल को यातायात के लिए शुरू किया जा रहा है। दूसरी ट्यूब का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है और शेष कार्य पूरा होते ही उसे भी आम वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा।
संदीप अग्रवाल, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, एनएचएआइ

फैक्ट फाइल

स्थान : चेचट (कोटा) के पास मुकुंदरा हिल्स
एक्सप्रेस-वे : दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे
टनल की कुल लंबाई : करीब 4.9 किलोमीटर (प्रत्येक ट्यूब)
लेन : 8 लेन (दो अलग-अलग ट्यूब)
आज से शुरू : मुंबई से दिल्ली की ओर जाने वाली ट्यूब
दूसरी ट्यूब : निर्माण अंतिम चरण में, जल्द होगी शुरू
विशेषता : राजस्थान की सबसे लंबी सड़क सुरंगों में शामिल