
death of a tribal man from erosion of soil in Baran
बारां सदर थाना क्षेत्र के हनोतिया गांव में पार्वती नदी के किनारे रविवार सुबह खनन के दौरान मिट्टी की कराई ढहने से उसमें चार लोग दब गए। इनमें से तीन तो जैसे-तैसे बाहर निकल गए लेकिन मिट्टी के ढेर में दबने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। बाद में जेसीबी की मदद से शव निकाला गया। हादसे के बाद मौके पर मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
बारां जिले से होकर निकल रही पार्वती नदी में कई जगह रेत, पत्थर व मिट्टी का अवैध रूप से खनन होता है। खनन के दौरान इस इलाके में पहले भी कई जानलेवा हादसे हो चुके हैं। रविवार सुबह भी हनोतिया गांव के पास नदी किनारे मिट्टी के टीले के नीचे कुछ मजदूर लोग मिट्टी का खनन कर रहे थे। इसी दौरान कराई ढह गई। इसमें चार लोग दब गए। तीन तो जैसे-तैसे बाहर निकल आए लेकिन साबूनाथ कालबेलिया उसमें दबा रह गया। पुलिस को सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंच गई। वहीं ग्रामीणों एवं मजदूरों की भीड़ लग गई।
पुलिस ने निकलवाया शव
अवैध खनन के दौरान जानलेवा हादसा होने की जानकारी मिलते ही पुलिस जाप्ता भी मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने मिट्टी में दबे लोगों को बाहर निकलवाने के लिए तत्काल जेसीबी मंगवाई। इसके बाद जेसीबी और ग्रामीणों की मदद से जैसे-तैसे मिट्टी में दबे शव को बाहर निकलवाया गया। शव निकलने से पहले साबूनाथ के परिजनों को उसके जिंदा होने की उम्मीद थी, लेकिन जैसे ही मिट्टी की ढाय से शव बाहर निकला उसे देखते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। बारां सदर थाने के एएसआई धर्मपाल यादव ने बताया कि सूचना मिलने पर जाप्ते के साथ मौके पर पहुंच गए थे। शव को बाहर निकलवाया गया। जिसे पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय रवाना कर दिया गया है।
पहले भी हो चुके हैं जानलेवा हादसे
पार्वती नदी में अवैध खनन के दौरान पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। जिनमें दर्जनों लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन पुलिस और प्रशासन अवैध खनन रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा। जिसके चलते खनन करने वालों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं।
Published on:
29 Oct 2017 12:50 pm
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
