
Kota News: कोटा। पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल के भाई रामलाल गुर्जर की ओर से कोटा शहर में खड़े गणेशजी मंदिर के पीछे स्थित आनंदपुरा और फूटा तालाब क्षेत्र में हाड़ौती कॉलोनी का रास्ता बंद कर दीवार खड़ी करने और कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए) की बेशकीमती भूमि पर अतिक्रमण करने के मामले में मंगलवार को केडीए प्रशासन ने कार्रवाई की। यहां रामलाल गुर्जर समेत 13 अतिक्रमियों के अतिक्रमण ध्वस्त कर दिए गए।
केडीए के अधिकारियों ने बताया कि खड़े गणेशजी मंदिर से बंधा धर्मपुरा मुख्य मार्ग पर स्थित हाड़ौती कॉलोनी से होकर सुमन कॉलोनी का रास्ता जाता है। इस रास्ते पर पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल के भाई ने कब्जा कर लिया और कॉलोनी के रास्ते में दीवार खड़ी कर दी थी। साथ ही, केडीए की खसरा संख्या 44 और 50 की भूमि पर अतिक्रमण कर लिया।
मामले में शिकायत मिलने के बाद केडीए की ओर से सभी 13 अतिक्रमियों को नोटिस जारी किए गए, लेकिन अतिक्रमण हटाने की जगह अतिक्रमियों ने वहां बड़ी मात्रा में पत्थर डाल दिए और अतिक्रमण शुरू कर दिया। मामले की जानकारी मिलने पर केडीए की टीम जाप्ते समेत मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
तहसीलदार व अतिक्रमण निरोधक अधिकारी हेमराज मीणा ने बताया कि आनंदपुर और फूटा तालाब क्षेत्र में केडीए की भूमि खसरा संख्या 44 और 50 पर पक्के मकान और बाउंड्री कर अतिक्रमण करने के मामले में नोटिस जारी कर तीन दिन में अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। अतिक्रमण नहीं हटाने पर केडीए की ओर से अतिक्रमण हटाए गए।
Updated on:
16 Oct 2024, 6:22 AM IST
Published on:
16 Oct 2024, 6:22 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.