
Kota Weather News: कोटा शहर में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। मंगलवार को 14 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूल भरी हवा चली। इससे वातावरण में हल्की ठंडक महसूस की गई। उत्तरी हवा के प्रभाव से सुबह और शाम ठंडक बढ़ गई, जबकि दिन में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। दिनभर चली ठंडी हवा ने लोगों को हल्की सर्दी का अहसास कराया। वहीं दिन में भी अधिक गर्मी महसूस नहीं हुई। तेज हवा से बाजारों में धूल के गुबार उड़ते रहे। इससे राहगीर खासे परेशान रहे। कई दुकानदार धूल मिट्टी जमने से साफ-सफाई करते रहे।
विशेषज्ञों के अनुसार, आगामी दिनों में तापमान में और बदलाव देखने को मिल सकता है। अधिकतम तापमान में 2 डिग्री की गिरावट आई है, जिससे यह 28.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 2 डिग्री बढ़कर 19.4 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि हवा का यह दौर बुधवार को भी जारी रह सकता है। इससे तापमान में गिरावट रहेगी। विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए बताया कि राजस्थान के कई इलाकों में अगले 24 घंटों तक हवा चलने की संभावना बनी हुई है। ऐसे में उत्तरी हवाओं (20-25 Kmph) के प्रभाव से अधिकतम, न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री गिरावट होने और 7-8 मार्च से पुनः बढ़ोतरी संभव है।
Updated on:
05 Mar 2025 08:25 am
Published on:
05 Mar 2025 08:25 am
