उत्साह से लबरेज लोग, मुस्कुराते चेहरे, वृद्धजनों की मदद को बढते हाथ, भोजन के लिए मान मनुहार, मंच से बुराइयों का त्याग और स्नेह की बहती सरिता का दृश्य मन को मोहित कर गया। ये नजारा अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन जिला कोटा की ओर से रविवार को आयोजित 12वें अन्नकूट महोत्सव का था। इस अवसर पर हर तरफ उत्साह, उमंग, जोश व हर्र्षोल्लास का माहौल दिखाई दिया। सीएडी ग्राउंड में आयोजित अन्नकूट महोत्सव में समरसता का बेहतरीन उदाहरण पेश किया गया। सभी घटक एक ही मंच पर शोभित रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि देश के नव निर्माण में वैश्य समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
वैश्य समाज का उद्देश्य रहता है कि सभी समाजों में खुशहाली आए, वैश्य समाज के सेवा, समर्पण, निष्ठा के संस्कार वैश्य समाज को सम्मान देता है। वैश्य समाज की संस्कृति, हमेशा से सेवा की रही है। जब भी कोई संकट आता है तो वैश्य समाज अग्रिम पंक्ति में खड़ा नजर आता है। बिरला ने आव्हान किया कि कमजोर, अभावग्रस्त, वंचित, अशिक्षित व पीड़ित की पीडा दूर कर समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन को बदलना ही हमारा उद्देश्य होना है। उन्होंने कहा कि धर्म में अस्था होगी तो नैतिकता होगी, सत्य पर चलकर समाज की सेवा होगी।
यह भी पढ़े: https://www.patrika.com/kota-news/children-s-day-special-uncle-nehru-s-deep-connection-with-kota-7867149/
वैश्य समाज ने कभी आरक्षण की मांग नही उठाई
धारीवाल अध्यक्षता करते हुए यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल ने कहा कि इस महाकुंभ के माध्यम से वैश्य समाज की एकता प्रदर्शित होती है। देश की आजादी में वैश्य समाज का योगदान रहा है। वैश्य समाज ने कभी आरक्षण की मांग नही उठाई है, क्योंकि वैश्य समाज कभी मांगता नही है। जबकि हमेशा देश के विकास में सहयोग रहता है। इसी कारण हर जगह पर वैश्य समाज ने नाम कमाया है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन से एक दूसरे से मिलने से चर्चा होती है ओर कोई समस्या होती है, उसका समाधान होता है।
यह भी पढ़े: https://www.patrika.com/kota-news/big-news-regarding-agniveer-recruitment-going-on-in-kota-7865868/
महाप्रसादी ग्रहण की
अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन जिला कोटा के अध्यक्ष दिनेश विजय व मुख्य संयोजक राकेश जैन ने बताया कि इस महाकुंभ में हजारों लोगों ने महाप्रसादी ग्रहण की। स्वागत एवं कार्यकारी अध्यक्ष सुशील मोदी व सहसंयोजक प्रकाशचंद गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम में देश के कोने-कोने से समाजबंधु यहां पहुंचे। मंच पर वैश्य समाज के राष्ट्रीय महामंत्री गोपाल मोर, कार्यकारी अध्यक्ष रामविलास जैन, प्रदेश युवा अध्यक्ष मुकेश विजय व कोटा संभाग प्रभारी डॉ. आरके राजवंशी, अति विशिष्ट अतिथि कोटा नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेश बिरला, पूर्व महापौर महेश विजय, पूर्व विधायक पूनम गोयल, प्रदेश कांग्रेस सचिव पंकज मेहता, महापौर राजीव अग्रवाल, नगर निगम प्रतिपक्ष नेता विवेक राजवंशी रहे।
वृद्धजनों का हुआ सम्मान, प्रतिभाओं को नवाजा
जिला महामंत्री भुवनेश गुप्ता व जगदीश अग्रवाल ने बताया कि अन्नकूट महोत्सव में अतिथियों द्वारा वृद्धजनों का सम्मान किया गया, साथ ही कई प्रतिभाओं को भी नवाजा गया। अन्नकूट महोत्सव में भगवान गिर्राजधरण की अनुपम झांकी के दर्शन हुए, अन्नकूट के माध्यम से सामाजिक कुरीतियों को त्यागने, नियमों का पालन करने व समाज उत्थान के साथ सेवा कार्य करने का संकल्प लिया गया।
ड्रेस रही आकर्षण का केन्द्र
वैश्य महिला अध्यक्ष रजनी गुप्ता ने बताया कि युवतियां व महिलाएं अन्नकूट में ड्रेस कोड में नजर आई। महिलाओं ने विशेषकर भोजन व्यवस्था को संभाला और आगंतुकों को अपने हाथ से भोजन वितरण किया। युवती अध्यक्ष महिमा बंसल, महामंत्री लवी विजय व कोषाध्यक्ष गरिमा अग्रवाल ने सहयोग किया।
सामाजिक समरसता का महाकुंभ दिखा
अन्नकूट में कोषाध्यक्ष सत्यप्रकाश गुप्ता व संयोजक रविंद्रकुमार गुप्ता ने बताया कि इस आयोजन में कूपन से प्रवेश दिया गया। हजारों लोगों ने समरसता का भाव प्रकट करते हुए साथ बैठकर भोजन कर एक रूपता का संदेश दिया। युवा अध्यक्ष रामबाबू गुप्ता, महामंत्री अनुपम गुप्ता व कोषाध्यक्ष सुमित विजय ने बताया कि अन्नकूट में व्यवस्थाओं को संभालने में युवाओं की सक्रीय भागीदारी रही।