
कोटा. मानव संसाधन विकास मंत्रालय के निर्देश पर 19 से 31 मार्च के बीच होने वाली सभी परीक्षाओं को स्थगित करने से जेईई मेन अप्रेल परीक्षा के निर्धारित कार्यक्रम से तिथियां टकरा सकती हैं। इस कारण जेईई मेन अप्रेल की तिथियों में भी बदलाव कर नया शेड्यूल 31 मार्च के बाद जारी किया जाएगा। इससे पहले एचआरडी मंत्रालय के सचिव ने चेयरमैन यूजीसी, एआईसीटीई, एनसीटीई, सीबीएसई, डीजी एनटीए, एनआईओएस के चेयरमैन सहित सभी को पत्र लिखा है। इसमें स्पष्ट किया है कि यूनिवर्सिटी और अन्य शिक्षण संस्थाओं में चल रही परीक्षाएं स्थगित की जाएं। पत्र में यह भी स्पष्ट किया कि जेईई मेन परीक्षा के लिए विद्यार्थियों को एक शहर से दूसरे शहर भी जाना होगा, इसके लिए भी समय की जरूरत होगी और व्यवस्थाएं करनी होंगी। ऐसे में फिलहाल परीक्षाएं स्थगित की जानी चाहिए। इसके बाद यह तय माना जा रहा है कि जल्द ही जेईई मेन अप्रेल परीक्षा स्थगित की जाएगी। नई तिथियों की घोषणा 31 मार्च के बाद होगी।
उल्लेखनीय है कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा आयोजित की जा रही देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई मेन अप्रेल इस वर्ष 5, 7 से 9 एवं 11 अप्रेल को दो शिफ्टों में सुबह 9.30 से 12.30 एवं दोपहर 2.30 से 5.30 तक देश के 224 परीक्षा शहरों में एवं विदेश के 9 शहरों में प्रस्तावित है। परीक्षाओं के री-शेड्यूल होने के कारण प्रवेश पत्र भी रोके जाएंगे।
Published on:
19 Mar 2020, 1:24 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.